Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15-July-2025: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार देर रात मुजफ्फरपुर में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। करीब आधे घंटे तक चली बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। वहीं, पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य भर में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार में मान गया रूठा हुआ मानसून
कल कैसा रहा मौसम
14 जुलाई को सबसे अधिक तापमान पश्चिमी चंपारण में 36.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि राजधानी पटना का तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम तापमान बांका में 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, भागलपुर में सबसे अधिक 11.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आज भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी मंगलवार को दक्षिण बिहार के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा और तेज आंधी-तूफान की आशंका है। गया, नवादा, शेखपुरा और जमुई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है, जबकि पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद में भारी बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
इन इलाकों में भी आज बरसेंगे बादल
दक्षिण बिहार के अलावा राज्य के कुछ और जिलों में बारिश की संभावना है। सीवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जैसे उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
बीते कई दिनों बिहार का पारा चढ़ा, अब मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज किए जाने की उम्मीद है। राज्य के उत्तर और दक्षिण-पूर्व इलाके के जिलों में कुछ जगहों पर तड़क-गरज और तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम एवं दक्षिण-मध्य भागों के जिलों के कुछ स्थानों पर चमक-गरज और आंधी चलने की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
