बिहार के वैशाली में अपराधियों का तांडव बढ़ता जा रहा है। यहां कुछ अज्ञात अपराधियों ने राजद (राष्ट्रीय जनता दल - RJD) नेता शिव शंकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शिव शंकर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। राजद नेता की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सड़क जामकर आगजनी की और जमकर हंगामा किया। इस घटना से कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
बिहार में RJD नेता शिव शंकर सिंह की हत्या (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
राजद नेता की गोली मारकर हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना को तब अंजाम दिया गया जब सिंह अपने पुराने घर से नए घर जा रहे थे। बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौली में देर रात करीब 11 बजे घात लगाए बैठे अपराधियों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। चार गोली लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने नेता की आंख में गोली मारी थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।
पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि सिंह की किसी के साथ दुश्मनी नहीं थी। परिजनों के अनुसार, मृतक शिव शंकर सिंह नौकरी से रिटायरमेंट के बाद आरजीडी के नेता बने और इसके साथ जमीन की खरीद और बिक्री का काम करते थे। पुलिस हत्या की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल से पहुंची और वहां से 4 खोखा बरामद किया है।
