बिहार में नई सरकार का गठन 20 नवंबर 2025 दिन गुरुवार को होगा। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को बिहार में इस बार प्रचंड बहुमत मिला है और एक बार फिर से नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के हवाले ये जानकारी सामने आई है। बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण में पीएम मोदी समेत बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। साथ ही बीजेपी के कई बड़े नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।
बिहार में 20 नवंबर को नई सरकार लेगी शपथ (फाइल फोटो)
नीतीश कुमार ने बुलाई कैबिनेट की बैठक
अब नई सरकार के गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बिहार में एनडीए को मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कैबिनेट की बैठक बुलाने का फैसला लिया। यह बैठक पटना में सोमवार को सुबह 11.30 बजे होगी। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में नई सरकार के गठन पर मंथन होने की संभावना है। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह की तारीख भी निर्धारित की जा सकती है। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। नीतीश सरकार के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि निदेशानुसार पटना के मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में सोमवार यानी 17 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। इस पत्र में कहा गया है कि बिहार के सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक से अनुरोध है कि मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सूचना भवन का सभागार उपलब्ध कराते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की समुचित व्यवस्था कराने की कृपा की जाए।
गांधी मैदान 4 दिनों के लिए बंद
इससे पहले पटना के डीएम ने चार दिनों के लिए पटना के गांधी मैदान को बंद करने का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान में लोगों के प्रवेश पर 17 नवंबर से 20 नवंबर तक पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है, इसलिए जिलाधिकारी ने गांधी मैदान में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
चुनाव आयोग ने नए विधायकों की लिस्ट राज्यपाल को सौंपी
आज बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विनोद सिंह गुंजियाल ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को राज्य विधानसभा के 243 नवनिर्वाचित सदस्यों की सूची सौंपी। सूची में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 89, जनता दल (यूनाइटेड) के 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर)के पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चार नवनिर्वाचित विधायकों के नाम शामिल हैं। सीईओ द्वारा सौंपी गई सूची में विपक्षी ‘महागठबंधन’ के घटकों राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 25, कांग्रेस के छह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एक नवनिर्वाचित विधायकों के नाम हैं। इसके अलावा, सूची में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पांच विधायकों, इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा)के एक-एक विधायक के नाम का उल्लेख है।
