Bihar Idea Festival Portal Launch: बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने सोमवार को बिहार आइडिया फेस्टिवल के नए पोर्टल का उद्घाटन किया। यह पोर्टल एक ऐसा ऑनलाइन मंच है जहां प्रदेश के छात्र, युवा, उद्यमी और स्टार्ट-अप टीमें अपने नवाचारी विचार साझा कर सकेंगी और सरकार से सीधे सहयोग प्राप्त कर सकेंगी। सूचना भवन के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि हर बिहारी के भीतर एक अनूठा आइडिया छिपा होता है, आवश्यकता है केवल उसे पहचानने और सही दिशा देने की।
बिहार में आइडिया फेस्टिवल पोर्टल का लॉन्च
यह नया पोर्टल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सरकार की योजना है कि इस मंच पर कम से कम 10 हजार आइडिया जमा किए जाएं। एक विशेषज्ञ टीम इन विचारों की समीक्षा करेगी और चयनित आइडिया को बाजार तथा निवेशकों से जोड़ेगी। यह पोर्टल मोबाइल-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के युवा भी आसानी से इसमें भाग ले सकें। मंत्री ने जानकारी दी कि इस फेस्टिवल की शुरुआत 24 जुलाई से जिला स्तरीय कार्यशालाओं के रूप में होगी और अगस्त के अंत में पटना में दो दिवसीय मेगा इवेंट के साथ इसका समापन होगा।
10 अगस्त तक करें आइडिया जमा
उन्होंने बताया कि भारत में वर्तमान में लगभग 1.5 लाख स्टार्ट-अप पंजीकृत हैं, जिनमें बिहार तीसरे स्थान पर है। बीते एक वर्ष में बिहार में एक हजार नए स्टार्ट-अप्स का चयन किया गया है। इच्छुक प्रतिभागी 10 अगस्त तक अपने आइडिया www.startupbihar.in पर जमा कर सकते हैं। अगस्त के अंतिम सप्ताह में विजेताओं की घोषणा की जाएगी। चयनित स्टार्ट-अप्स को बिहार स्टार्ट-अप नीति के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता, परामर्श सेवाएं और राज्य स्तर पर पहचान दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि ‘स्टार्ट-अप दीदी’ मॉडल के माध्यम से जीविका की तरह हजारों महिलाएं भी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आएंगी।
स्टार्ट-अप संस्थापक भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह ने कहा कि यह पहल शहरी केंद्रों तक सीमित स्टार्ट-अप संस्कृति को तोड़ते हुए ग्रामीण समुदाय, कारीगर, किसान और वंचित वर्गों तक पहुंचेगी। इस अवसर पर निदेशक (उद्योग) मुकुल गुप्ता, निदेशक (हथकरघा एवं रेशम) निखिल धनराज निप्पणिकर, राज्यभर के इनक्यूबेशन सेंटरों के प्रतिनिधि और अनेक स्टार्ट-अप संस्थापक भी उपस्थित थे।
