Bihar News: बिहार सरकार ने सरकारी दफ्तरों में कामकाज को तेज, पारदर्शी और आसान बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने शनिवार को 'ई-ऑफिस यूजर मैनुअल' लॉन्च किया। जिससे सरकारी फाइलों का काम आसानी से कागजों की जगह कंप्यूटर पर डिजिटल तरीके से हो सकेगा। जिससे जनता को भी सरकारी काम कराने में लंबा इंतजार नहीं करना होगा।
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने किया ई-ऑफिस यूजर मैनुअल का विमोचन
बिहार सरकार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने आज मुख्य सचिवालय सभा कक्ष, पुराना सचिवालय, पटना में 'ई-ऑफिस यूजर मैनुअल' का औपचारिक विमोचन किया। इस मौके पर सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, बीपार्ड की अपर महानिदेशक डॉ. सफीना ए. एन., और विभाग की सचिव रचना पाटिल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक कामकाज में आएगी तेजी
ई-ऑफिस यूजर मैनुअल का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को और अधिक पारदर्शी, तेज और जवाबदेह बनाना है। इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार लगातार यह प्रयास कर रही है कि प्रशासन में पारदर्शिता और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि 'ई-ऑफिस' प्रणाली एक अनोखा कदम है, जिससे फाइलों का निपटारा अब ज्यादा तेजी से और पारदर्शिता के साथ होगा। इससे सरकारी कार्यों में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल होगा और जनता को जल्दी सेवाएं मिलेंगी।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि यह प्रणाली सरकार की 'सुशासन' की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी और इससे सभी विभागों में काम की गुणवत्ता और जवाबदेही को बढ़ावा मिलेगा। बिहार सरकार लगातार प्रशासनिक सुधार और तकनीकी बदलाव के जरिए जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। 'ई-ऑफिस' प्रणाली इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
