Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक सुबह और शाम घने कोहरे और दिन में धुंध छाए रहने की चेतावनी जारी की है। पछुआ हवा 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के कारण ठंड का असर और बढ़ेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। फिलहाल दिन के समय मौसम साफ होने की संभावना नहीं है।
फाइल फोटो।
सुबह कोहरा और दिनभर ठंड का एहसास
8 जनवरी की सुबह बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। मंगलवार को पटना समेत 23 शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और 32 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
प्रदेश का सबसे ठंडा शहर छपरा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, किशनगंज 25 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। ज्यादातर इलाकों में दिनभर कोहरे और धुंध का असर देखा गया, जिससे अधिकतम तापमान में 8.6 डिग्री तक की गिरावट आई।
पटना में शीतलहर जैसे हालात
पटना में मंगलवार को शीतलहर जैसी स्थिति रही। दिन के तापमान में 7.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री और न्यूनतम 13.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
कोहरे से यातायात प्रभावित
सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता मात्र 100 मीटर रह गई। इसका असर हवाई यातायात पर भी पड़ा, जिससे चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और 20 उड़ानें देरी से आईं-गईं।
प्रदेश में पछुआ हवा और घने कोहरे के कारण लोग घरों में सिमटने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।
