Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में ठंड के तेवर धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहे हैं। साथ ही तापमान में भी उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि अभी भी सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है। साथ ही तेज पछुआ हवाएं भी ठिठुरन का एहसास करा रही हैं। वहीं दोपहर में तेज धूप निकल रही है। प्रदेश में कुछ जगहों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा भी छा रहा है। आज बिहार का मौसम कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं?
बिहार में आज शुष्क रहेगा मौसम
बिहार में पिछले कई दिनों से बिहार का मौसम शुष्क चल रहा है। आज भी प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह उत्तर बिहार के कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। दिन में धूप निकलने के साथ ही कोहरा छंट जाएगा। शाम में सूरज ढलने पर ठिठुरन का एहसास बढ़ जाएगा। आज पछुआ हवाएं चलने की स्थिति भी जारी रहने वाली है। बिहार के अधिकांश हिस्सों में आज अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
आने वाले दिनों बढ़ेगा पारा
बिहार के उत्तरी भाग के कुछ जिलों में कल भी सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। जिसके बाद अगले दो दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
तीन मौसम सिस्टमों का बिहार पर प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। वहीं पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम जी हवाएं चल रही हैं। साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हुआ है। इन सभी सिस्टमों के मिले-जुले प्रभाव से राज्य में फिलहाल बर्फीली हवाओं का चलना जारी रहेगा। साथ ही उत्तर बिहार के कुछ जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का छाना भी जारी रहेगा। हालांकि अभी घने कोहरे या बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दिन में तेज धूप भी निकलेगी। लेकिन तेज हवाओं के कारण नमी का स्तर बना रहेगा।
गया और औरंगाबाद में सबसे अधिक तापमान
बिहार में शुक्रवार को पछुआ हवाओं के प्रभाव से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। दिन का सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद और गया में दर्ज किया गया। इन जिलों का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं सबसे न्यूनतम तापमान डेहरी में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
