Bihar Patna Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार समेत पूरे उत्तर भारत में आजकल मौसम बदला हुआ है। गर्मी से जूझ रहे इलाकों में इन दिनों भारी बारिश, आंधी और ठनके के खबरें आ रही हैं। बिहार के तमाम जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। कुछ जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। प्री-मानसून की स्थिति में मौसम विभाग की ओर से कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज, गुरुवार को मौसम कल जैसे ही रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में मानसून 13 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है। उसके पहले ही मौसम ने रुझान देना शुरू कर दिया है।
आज फिर आंधी बारिश की मार झेलेगा बिहार
उत्तर के जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ ठनके और आंधी की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। इसके अलावा सहरसा, सुपौल, मधेपुरा के इलाकों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पटना का मौसम
राजधानी की बात करें तो आज यहां दिन में बारिश की संभावना है। पटना में आज का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तापमान में कोई खास उठापटक भी देखने को नहीं मिलेगी। पटना, बक्सर और रोहतास जिले के कुछ हिस्सों में आंधी और ठनके की आशंका के बीच बारिश की संभावना भी जताई गई है। इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कल कैसा रहेगा मौसम
शुक्रवार को राज्य के पूर्व और उत्तर-मध्य हिस्सों के कुछ इलाकों में बारिश, ठनका और तेज हवा को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दक्षिण-मध्य के जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इसके बावजूद तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा जाएगा। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से आग्रह किया है कि वो सतर्क और सावधान रहें। मौसम बिगड़ने पर खुले जगहों पर ना रहें। किसी पक्के मकान की शरण लें, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूरी बनाकर रखें।
