Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में आज फिर से मौसम करवट लेने वाला है। पिछले कई दिनों से प्रदेश में तेज धूप निकलने से दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। इस दौरान पछुआ हवा भी सुस्त पड़ने से तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखने को मिली। लेकिन अब फिर से पछुआ हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है। जिसके प्रभाव से दिन में धूप का असर कम होगा। साथ ही तापमान में कमी आने से कनकनी भी बढ़ेगी।
आज बिहार का मौसम
बिहार में आज शुष्क रहेगा मौसम
बिहार में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। आज भी मौसम साफ रहने के आसार हैं। सुबह के समय हिमालय के तराई वाले जिलों जैसे पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़, सुपौल, अररिया, मधुबनी और किशनगंज में घना कोहरा छाया है। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा छंटेगा और धूप निकल आएगी। इस दौरान तेज पछुआ हवाएं भी चलेंगी। जिसकी वजह से धूप में नमी रहेगी। दिन ढलने के साथ ही पछुआ हवा के प्रभाव से ठंड बढ़ेगी और तापमान में भी गिरावट के आसार हैं।
24 घंटे बाद तापमान में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रह सकता है। आईएमडी के मुताबिक बिहार में अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की क्रमिक वृद्धि होने के आसार हैं। जिसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार असम के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही पूर्वोत्तर में जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही है। जिसके प्रभाव से उत्तर बिहार में खासतौर पर तराई वाले जिलों में घना कोहरा छाने का अनुमान है। साथ ही इसकी वजह पछुआ हवाओं की रफ्तार भी तेज रहेगी।
मधुबनी में रहा सबसे अधिक पारा
बिहार में मंगलवार को कई जिलों के तापमान बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इस दिन डेहरी, बक्सर, भागलपुर, पूर्णिया, गया जैसे शहरों का तापमान 28 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला मधुबनी रहा। जिसका अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बांका का 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
