UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने के साथ ही ठंड की विदाई और गर्मी का आगमन हो रहा है। यूपी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री के पार पहुंच गया है। हालांकि प्रदेश में मौसम एक बार फिर यू-टर्न लेने वाला है। यूपी में आज से तेज हवाओं का दौर शुरू हो रहा है। गुरुवार को हवा की रफ्तार में और इजाफा हो सकता है। तेज हवाओं के प्रभाव से दिन में धूप का असर कम होगा। साथ ही तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी। फिलहाल यूपी में सिर्फ सुबह-शाम भी ठंड पड़ रही है। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास हो रहा है। आइए जानते हैं कि आज यूपी का मौसम कैसा रहने वाला है:
आज साफ रहेगा यूपी का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज यूपी में मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 15-25 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है। इस अवधि में बारिश या कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यूपी में तेज हवाओं का दौर 13 और 14 फरवरी को भी जारी रहने वाला है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटा तक के आसपास रह सकती है। साथ ही मौसम भी साफ रहने की संभावना है।
तेज हवाओं से तापमान 2-3 डिग्री गिरने के आसार
यूपी में 15 से 17 फरवरी के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन में तेज धूप निकलने के भी आसार हैं। इस अवधि में मौसम विभाग की ओर से किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। आईएमडी के अनुसार यूपी में अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है। जिसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है।
प्रयागराज में रहा सबसे अधिक तापमान
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में मंगलवार को सबसे ठंडा शहर अयोध्या रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान भी कई जिलों में 29 डिग्री के पार पहुंच गया है। इनमें बांदा, फुरसतगंज, सुल्तानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, कानपुर, आगरा शामिल हैं। मंगलवार को यूपी में सबसे अधिकतम तापमान प्रयागराज में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
