Dr M Guru Rahman news: पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र स्थित गोपाल मार्केट में संचालित ‘अदम्य अदिति गुरुकुल’ के संचालक और प्रसिद्ध शिक्षक डॉ. एम. गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार, 11 फरवरी 2026 की शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
पटना के प्रसिद्ध शिक्षक डॉ. एम. गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी मिली।
जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक जबरन कोचिंग संस्थान के कार्यालय में घुस आया और डॉ. गुरु रहमान के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी और संस्थान बंद करने का दबाव भी बनाया। इस दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टाफ और छात्रों में दहशत
कार्यालय में मौजूद स्टाफ और छात्रों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन बाहर निकलने के बाद भी वह धमकियां देता रहा। इस घटना से संस्थान के शिक्षक और छात्र दहशत में हैं।
डॉ. गुरु रहमान ने पीरबहोर थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी और संस्थान की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती हैं और छात्रों में भय का वातावरण पैदा करती हैं।
पुलिस ने क्या-क्या कहा?पीरबहोर थाना प्रभारी शहजाद गद्दी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
