देश

पटना: खान सर कोचिंग सेंटर पर हुई फायरिंग वाले बयान से पलटे, कहा- बस गार्ड से मारपीट हुई

Khan Sir Coaching Center Firing: खान सर ने कहा कि गार्ड ने जैसा बताया, मैंने भी वैसी ही जानकारी दी। गोलीबारी की कोई पुष्टि नहीं हो सकी। बाकी खान ग्लोबल स्टडीज को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया।

Image

पटना: खान सर कोचिंग सेंटर पर हुई फायरिंग वाले बयान से पलटे, कहा- बस गार्ड से मारपीट हुई

Patna News: देश के जाने-माने एजुकेटर खान सर के कोचिंग सेंटर पर कोई गोलीबारी नहीं हुई है। ऐसा खान सर के बदले हुए बयान से पता चल रहा है। बीती रात खबर आई कि पटना में मुसल्लहपुर हाट के पास खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर गोलियां चलाई गईं हैं। खुद मीडिया से बातचीत में खान सर ने इसकी ना सिर्फ पुष्टि की, बल्कि ये भी बताया कि बराबर के कोचिंग सेंटर द्वारा हमला कराया गया है। वे मेरे द्वारा दी जा रही है सस्ती शिक्षा से परेशान हैं। पहले भी हमपर हमला हुआ है। हालांकि, इस बीच खान सर अब अपने बयान से पलटते नजर आ रहे हैं।

ताजा जानकारी के मुताबिक, खान सर ने कहा, 'हमारे गार्ड के साथ मारपीट की गई है। गार्ड ने जैसा बताया, मैंने भी वैसी ही जानकारी दी।' खान सर ने पहले कहा था कि गार्ड के साथ मारपीट के अलावा कोचिंग सेंटर पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने यहां तक कहा था कि उन्होंने अपनी आंखों से गोलियों को चलते हुए देखा, उन्होंने कहा था कि 8 से 10 राउंड गोलियां चली थीं, लेकिन अब अपने बयान से पलटते नजर आए खान सर और कहा कि उनके द्वारा जल्दबाजी में वह बयान दे दिया गया। उस समय माहौल बहुत खराब था, तब समझ नहीं आया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। ANI से बात करते हुए SP कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि पुलिस स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा, 'यह शारीरिक हमले से जुड़ा एक मामला है। बताया गया है कि गार्ड को चोटें आई हैं; इसलिए, उनका तथा स्थानीय लोगों का बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल व्यक्ति का इस समय इलाज चल रहा है।'

हमें प्रशासन पर पूरा भरोसा है..

शिक्षक और यूट्यूबर खान सर ने कहा, "यहां अभी पुलिस जांच कर रही है...गार्ड को इतनी चोट लगी है कि वो अभी कुछ बताने कि स्थिति में नहीं है...हमारी कोशिश यही रहती है कि गरीब से गरीब बच्चे को पढ़ाया जाए और इसमें कुछ लोग बाधा बनते हैं लेकिन हमें प्रशासन पर पूरा भरोसा है...यहां पुलिस-प्रशासन ने सजगता दिखाई है...सभी अधिकारी यहां देर रात तक मौजूद थे...पुलिस जल्द से जल्द कार्रवाई करे और दोषियों को सजा दी जाए। किसी को भी आपसी द्वेष नहीं रखना चाहिए...यहां सुरक्षा मुहैया कराई जाए, इसके लिए हम आवेदन जरूर देंगे।

पटना में खान सर का ग्लोबल स्टडीज बंद रहेगा

पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के बाद खान ग्लोबल स्टडीज को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है। घटना के बाद से अब तक कोचिंग में पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। इस बीच बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर पहुंच रहे हैं।

घटना के बाद पटना SSP, SP और कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। खान सर को शक था कि फायरिंग की घटना में कोई दूसरा कोचिंग सेंटर शामिल हो सकता है।

खान सर ने पटना में हुई गोलीबारी को कम फीस और अच्छे नतीजों से जोड़ा

खान सर ने कहा था, 'मुख्य मुद्दा यह लगता है कि हम इतनी कम फीस में क्यों पढ़ा रहे हैं। हमें इतने शानदार नतीजे क्यों मिल रहे हैं? हम प्रशासन से अपील करते हैं कि वे सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखें, और यह समझें कि गरीबों को भी शिक्षा का अधिकार है।' 'जब हजारों की संख्या में नतीजे आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को खतरा महसूस होने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें दबा सकते हैं।' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बदमाशों ने ऑफिस में तोड़फोड़ की। वे सुरक्षा की मांग करते दिखे। उन्होंने कहा, 'हमलावरों ने ऑफिस में पूरी तरह से तोड़फोड़ की और गोलीबारी की... CCTV फुटेज अधिकारियों को सौंप दिया गया है।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article