Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। देर रात एक कारोबारी को अपार्टमेंट में घुसते समय बदमाशों ने गोली मार दी। जिसके बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती काराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फायरिंग की घटना
पेट के आर-पार हुई गोली
जानकारी के अनुसार व्यापारी की पहचान 45 वर्षीय दिलीप कुमार के तौर पर हुई है। उनकी कंपनी गिट्टी, बालू समेत निर्माण कार्य से जुड़े सामानों की सप्लाई करती है। देर रात को वे शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के जीएस कॉम्प्लेक्स स्थित अपने घर आ रहे थे। वे अपनी गाड़ी से उतरकर 5वें फ्लोर पर स्थित अपने फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट की ओर जा रहे थे। तभी अचानक दो बदमाश आए और उन्होंने सीढ़ियों के पास ही उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि उनके पेट में लगी गोली आर-पार हो गई। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
CCTV फुटेज में हेलमेट पहने नजर आया बदमाश
इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें दोनों अपराधी नजर आ रहे हैं। जिनमें से एक ने हेलमेट पहना हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश व्यापारी का पीछा करते हुए उनके अपार्टमेंट तक पहुंचे थे। जिसके बाद उन्हें गोली मारकर दोनों बदमाश तेजी से बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
इस वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने व्यापारी पर तीन राउंड फायरिंग की थी। मौके पर फॉरेंसिक की टीम को भी सबूत एकत्र करने के लिए बुलाया गया। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
