Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना से लगे दानापुर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां किराए के मकान में रह रहे एक पुलिसकर्मी (ASI) ने कथित तौर पर अपनी ही सगी बहन को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस डबल मर्डर-सुसाइड की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। घरेलू परेशानी समेत सभी पहलुओं की जांच जारी है।
दानापुर में पुलिसकर्मी ने बहन की हत्या के बाद की खुदकुशी
एक साल से मायके में रह रही थी बहन
यह वारदात दानापुर के मिथिला कॉलोनी मोड़ के पास स्थित एक किराए के मकान में हुई। मृत पुलिसकर्मी की पहचान ओम चंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई का रहने वाला था और वर्तमान में मोतिहारी में पोस्टेड था। उसे यह नौकरी अनुकंपा के आधार पर मिली थी। उसकी बहन गायत्री देवी शादीशुदा थीं, लेकिन काफी समय से अपने मायके में भाई के पास रह रही थीं। पिछले करीब एक साल से वे मिथिला कॉलोनी में स्थानीय बीजेपी नेता ब्रजेश सिंह के इस किराए के मकान में रह रही थीं।
पुलिसकर्मी ने सर्विस रिवॉल्वर से मारी गोली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ओम चंद्र ने पहले अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बहन को गोली मारी। इसके बाद उसने खुद को भी इसी रिवॉल्वर से गोली मार ली। बताया जा रहा है कि कमरे के अंदर से गोली चलने की अचानक तेज आवाज आई, जिसे सुनकर आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार, एएसपी अजीत कुमार और दानापुर थाने की पुलिस दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो दोनों शव खून से लथपथ पाए गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FSL (फॉरेन्सिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल पर सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया।
पुलिस की जांच और कुछ अनसुलझे सवाल
सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांचमें यह मामला पारिवारिक कलह के बाद 'हत्या और आत्महत्या' का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इस मामले में कुछ गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। घटनास्थल की सामने आई तस्वीरों में मृत पुलिसकर्मी के गले पर कुछ निशान दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या मामला सिर्फ आपसी विवाद और आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य पहलू या साजिश भी जुड़ी है। पुलिस FSL रिपोर्ट और अन्य सभी टेक्निकल और मेडिकल एंगल से गहराई से छानबीन कर रही है।
