Panchkula News: चंडीगढ़ के पास हरियाणा के पंचकूला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार की एक्सीडेंट का एक वीडियो सामने आया है। सेक्टर-15 में एक अनियंत्रित महिंद्रा स्कॉर्पियो पहले सड़क से गुजर रही एक मारूति अर्टिगा से टकराई, फिर लेन का लोहे का गेट, ग्रिल और गार्ड रूम तोड़ते हुए एक मकान के बाहर खड़ी टोयोटा हाईराइडर में जा घुसी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईराइडर कार मकान की बाउंड्री वॉल तोड़कर अंदर तक पहुंच गई। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसे में दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, स्कॉर्पियो में सवार चारों युवक सुरक्षित बच गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। CCTV Footage में साफ दिखाई देता है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होने के बाद लगातार कई अवरोधों को तोड़ते हुए हाईराइडर कार से जा टकराई। इस टक्कर से हाईराइडर कार मकान की दीवार को तोड़ते हुए अंदर तक पहुंच गई।
ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज
मामले में सेक्टर-15 निवासी संदीप गोयल की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने पंजाब के कपूरथला जिले के बेगोवाल निवासी स्कॉर्पियो ड्राइवर मनमीत सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक तेज धमाके की आवाज सुनकर वह बाहर आए तो पंजाब नंबर PB-09-AS-4329 की दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो मौके पर खड़ी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार में सवार युवक शराब या नशीले पदार्थों के प्रभाव में थे और उन्होंने बताया कि वह नाइट क्लब से लौट रहे थे।
इन धाराओं में दर्ज किया गया केस
हालांकि, पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर मेडिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि नहीं हुई। सेक्टर-14 थाना के एएसआई रविंद्र सिंह के अनुसार ड्राइवर के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 1984 की धारा-3 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 324(5) (एक लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने क्राइम टीम से दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच भी कराई है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी सुबूतों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हादसे का वायरल वीडियो एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के गंभीर खतरे को सामने लाता है।
