Pali Murder Case: राजस्थान के पाली जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां सोजत क्षेत्र के एक गांव में 11 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार यह मामला तंत्र-मंत्र और कथित नरबलि से जुड़ा हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव (Rajasthan crime News) में डर और गुस्से का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, बच्चा मदरसे से पढ़ाई करके घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक 30 वर्षीय युवक उसे बहाने से गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले गया। वहां तालाब के पास बच्चे के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए गए। इसके बाद धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई।
पाली में तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम की हत्या
पुलिस ने बताई पूरी बात
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने यह सब एक तांत्रिक के कहने पर किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी और वह लंबे समय से परेशान था। इसी दौरान एक तांत्रिक ने उसे विश्वास दिलाया कि अगर वह नरबलि देगा तो उसकी शादी की समस्या दूर हो जाएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कई दिनों से बच्चे पर नजर रख रहा था और घटना की योजना पहले से बनाई गई थी। घटना के बाद आरोपी ने शुरुआत में खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताने की कोशिश की।
अचानक गायब होने पर पुलिस को हुआ संदेह
वह गांव वालों के बीच अलग-अलग बातें करता रहा ताकि शक उस पर न जाए। लेकिन बाद में अचानक गायब होने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ। जांच के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, जहां उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ ऐसी वस्तुएं भी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तांत्रिक अनुष्ठान में किया गया था। इनमें खून से सने लकड़ी के टुकड़े और टूटा हुआ मिट्टी का घड़ा शामिल हैं। आरोपी ने खून से सने कपड़े बदलकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी। इस घटना के बाद गांव के लोग बेहद नाराज हैं। ग्रामीणों ने आरोपी के परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। वहीं पुलिस अब उस तांत्रिक की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी को इस अपराध के लिए उकसाया था। मामले की जांच लगातार जारी है।
