अंधविश्वास की भेंट चढ़ी नाबालिग, तंत्र-मंत्र के नाम पर ढोंगी ने बनाया हवस का शिकार; आरोपी गिरफ्तार

पालघर में एक 13 वर्षीय नाबालिग के साथ अघोरी पूजा का ढोंग करने वाले 55 वर्षीय आरोपी ने दुष्कर्म किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और पीड़ित बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है। महाराष्ट्र विधान परिषद उपाध्यक्ष नीलम गोरहे ने पीड़िता से मुलाकात कर हालचाल जाना और परिवार को न्याय का आश्वासन दिया।

Palghar News: मुंबई से सटे पालघर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को एक ढोंगी ने अपनी हवस का शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची की बड़ी बहन को मासिक धर्म के दौरान रक्तस्राव रुक नहीं रहा था। आरोपी ने इसी बात का फायदा उठाकर बच्ची के परिजन से अघोरी पूजा और दवा देने का बहाना बनाया। रात करीब 12 बजे उसने बच्ची के साथ शमशानभूमि के पास यौन उत्पीड़न किया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महज दो घंटे के अंदर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में 55 वर्षीय आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं पीड़ित बच्ची का कासा उपजिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Palghar crime

पालघर दुष्कर्म पीड़िता से मिलीं नीलम गोरहे

नीलम गोहरे ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात

महाराष्ट्र विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरहे बुधवार को पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने बच्ची का हालचाल जाना और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नीलम गोरहे ने अस्पताल दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में हाल ही में ऐसी चार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जो बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के साथ उनकी मदद करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय प्रथाओं और काला जादू रोकथाम कानून, 2013 को भी प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए।

End of Feed