Odisha Flood: नदियों के उफान से भद्रक और धामनगर कटे, जिले के 261 गांव डूबे, 2.45 लाख आबादी प्रभावित

Odisha Flood Crisis: ओडिशा के भद्रक जिले में वैतरणी और सालंदी नदियों के उफान से 261 गांव जलमग्न हो गए हैं। 2.45 लाख लोग प्रभावित हैं, NDRF और ODRAF की टीमें राहत कार्य में जुटीं हुई हैं।

Odisha Flood Updates: ओडिशा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदियों के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी के कारण राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर ओडिशा के भद्रक जिले में हालात सबसे ज्यादा नाजुक हैं, जहां 61 ग्राम पंचायतों के लगभग 261 गांव पानी में पूरी तरह घिर चुके हैं। इस तबाही से जिले की करीब 2.45 लाख आबादी प्रभावित हुई है। जिलाधिकारी दिलीप राउत राय ने बताया कि वैतरणी और सालंदी नदी प्रणाली में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे विशेष रूप से भंडारीपोखरी और धामनगर ब्लॉक के दर्जनों गांव मुख्य मार्ग से कट गए हैं।

odisha flood

बाढ़ में पालतू पशुओं का रेस्क्यू करतीं राहत और बचाव टीमें

51 केंद्रों पर शुरू हुए फ्री किचन, राहत कार्य तेज

जिला प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए युद्ध स्तर पर कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार आकुआपदा से वैतरणी नदी का पानी निचले इलाकों में प्रवेश कर रहा है, जिससे धामनगर NAC सहित पूरे ब्लॉक में जलभराव बढ़ गया है। प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए 51 केंद्रों पर मुफ्त रसोई शुरू कर दी गई हैं, जिनकी संख्या और बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा भद्रक ब्लॉक, भद्रक नगर पालिका और तिहिड़ी ब्लॉक भी सालंदी नदी के उफान की वजह से जलमग्न हो चुके हैं।

End of Feed