शहर

Noida Traffic Jam: सेक्टर-62 से NH-9 तक लगा भीषण जाम‍‍‍‍‍, हजारों कर्मचारियों ने घेरा फेज-2; दफ्तर जाने वाले बेहाल

Noida Traffic Jam News Today Updates (नोएडा ट्रैफिक न्यूज़): नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-62 में हजारों मजदूरों ने वेतन बढ़ाने को लेकर जाम लगा दिया है। लालकुआं से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक यातायात ठप है। मजदूर 20 हजार न्यूनतम वेतन की मांग कर रहे हैं।

Image

लालकुआं से इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक यातायात ठप

Photo : Times Now Digital

Noida Traffic Jam News Today Updates (नोएडा ट्रैफिक न्यूज़): नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले तीन-चार दिनों से सुलग रहा मजदूरों का गुस्सा सोमवार सुबह ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों की संख्या में कर्मचारी सड़कों पर उतर आए, जिससे सेक्टर-62, फेज-2 और NH-9 समेत नोएडा के कई प्रमुख हिस्से पूरी तरह ठहर गए। प्रदर्शनकारियों ने न केवल सड़कों को जाम किया, बल्कि कई जगह वाहनों के आगे लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया।

सेक्टर-62 से NH-9 तक महाजाम

सोमवार सुबह सेक्टर-62 और सेक्टर-60 में स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब कर्मचारी मुख्य सड़कों पर जमा हो गए। आक्रोशित कर्मचारियों ने डिवाइडर पर चढ़कर प्रदर्शन किया और रास्तों को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। इसके चलते लालकुआं से इलेक्ट्रॉनिक सिटी और सेक्टर-62 से NH-9 की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। जो लोग सुबह अपने काम पर निकले थे, वे घंटों जाम में फंसे रहे। पुलिस बल मौके पर तैनात है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या के आगे यातायात व्यवस्था को संभालना चुनौती बना हुआ है।

फेज-2 और कुलेसरा में भारी हंगामा

नोएडा के फेज-2 स्थित मदरसन ग्रुप (Motherson Group) कंपनी के बाहर सोमवार सुबह हजारों की तादाद में कर्मचारी जमा हो गए। कुलेसरा से फेज-2 तक विरोध मार्च निकालते हुए कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि न्यूनतम वेतन को 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए। इसके साथ ही वे ओवरटाइम के भुगतान और छुट्टियों के लिए अलग प्रावधान की मांग कर रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, कमरे का किराया और महंगे गैस सिलेंडर ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। कई जगह मजदूरों ने तोड़फोड़ और आगजनी भी की है। पुलिस बल को हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले इस्तेमाल करने पड़े।

प्रदर्शन हुआ हिंसक

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक हो गया है। बड़ी संख्या में मजदूर एकत्र होकर वाहनों में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी करने लगे, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई और सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। तोड़फोड़ के अलावा आगजनी की भी खबरें हैं। पुलिस बल को हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले इस्तेमाल करने पड़े।

Noida protest traffic jam.

नोएडा में प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारी

किन इलाकों तक बढ़ा आंदोलन

नोएडा में मजदूरों का प्रदर्शन केवल फेस-2 तक सीमित नहीं रहा, बल्कि फरीदाबाद सहित पूरे नोएडा में फैल गया है। इस आंदोलन का असर पूरे दिल्ली-NCR के ट्रैफिक पर दिख रहा है। चिल्ला बॉर्डर, सेक्टर 62 और सेक्टर 60-63 क्षेत्र में भारी ट्रैफिक है। मजदूरों ने पीक आवर्स में सड़कें जाम कर दीं, जिससे लोग फंस गए। यह आंदोलन सेक्टर 62 से शुरू होकर होजरी कॉम्प्लेक्स, फेज 1 और फेज 2 इंडस्ट्रियल एरिया सहित आसपास के फैक्ट्री क्षेत्रों तक फैल गया। गाजियाबाद और दिल्ली के अक्षरधाम इलाके तक जाम का असर दिख रहा है।

हरियाणा की तर्ज पर न्यूनतम वेतन की मांग

नोएडा में प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि हरियाणा की तर्ज पर न्यूनतम वेतन का नया ढांचा लागू किया जाए। उनकी मांगों के अनुसार अकुशल श्रमिकों को 15,220 रुपये, अर्धकुशल श्रमिकों को 16,781 रुपये, कुशल श्रमिकों को 18,501 रुपये और उच्च कुशल श्रमिकों को 19,426 रुपये मासिक वेतन दिया जाए। मजदूरों का कहना है कि इससे उन्हें सही मेहनतना मिलेगा और जीवन स्तर में सुधार होगा।

यूपी सरकार के मंत्री ने की संयम बरतने की अपील

यूपी सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कर्मचारियों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वाले संयम बरते और इस बात को समझें कि योगी सरकार ने न केवल निवेश की राह खोली है बल्कि बड़े पैमाने पर नई कंपनियां नोएडा गाजियाबाद में आई हैं जिससे रोजगार के मौके बड़ी आबादी को मिले है। विपक्ष जानबूझकर सरकार को बदनाम करता है। पुलिस ने भी लोगों को किसी भी तरह के अफवाहों के चक्कर में ना पड़ने की सलाह दी है।

श्रमिकों के मुद्दे पर CM योगी ने दिए निर्देश

CM योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात श्रमिकों के मुद्दों को लेकर बैठक की थी और श्रमिकों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि हर कर्मचारियों को सम्मानजनक मानदेय, सुरक्षित कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों का पालन करने और कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। सीएम ने सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को अगले 24 घंटे के भीतर उद्योग संगठनों और इकाई प्रबंधन से सीधा संवाद स्थापित करने का आदेश दिया। श्रम विभाग को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सतत संवाद बनाए रखने के लिए कहा गया। साथ ही, श्रमिकों के नाम पर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने और औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने पर बल दिया गया। सीएम ने चेतावनी दी कि देश में मृतप्राय नक्सलवाद को पुनर्जीवित करने की साजिश से सावधान रहें और भड़काऊ गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें।

हिंसा भड़काने वालों को DGP की चेतावनी

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर फैक्ट्री श्रमिकों का आंदोलन हिंसक हो गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि हिंसा भड़काने वाले बाहरी और उकसाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारी लखनऊ से स्थिति पर नजर रख रहे हैं, जबकि नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रमिकों ने कई जगहों पर जाम लगाया, तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद बल प्रयोग और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article