शहर

Greater Noida: दो स्कूल बसों की जोरदार टक्कर, एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल; ड्राइवर गंभीर

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में दो स्कूल बसों की टक्कर में जीजस मैरी स्कूल के एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

क्षतिग्रस्त हालत में बसें

Photo : Times Now Digital

Greater Noida Accident: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां दो बसों की भीषण टक्कर में करीब एक दर्जन से ज्यादा स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं। यह हादसा दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास हुआ, जिसने सुबह-सुबह पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

दो स्कूली बसों की टक्कर

सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे, जब बच्चे स्कूल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने दूसरी स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर मारने वाली बस रामयज्ञ स्कूल की बताई जा रही है, जो नियंत्रण खोने के कारण दूसरी बस से जा भिड़ी।

एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल

इस हादसे में जीजस एंड मैरी स्कूल (Jesus and Mary School) में पढ़ने वाले करीब एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में स्कूल बस का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायल बच्चों और चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हापुड़ में भी हुई बस की टक्कर

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में धौलाना-गुलावठी मार्ग पर तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में छह लोगों की मौत हो गई। बस में सवार यात्री शादी समारोह से लौट रहे थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में कुल 12 लोग सवार थे, जिनमें से सात गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जबकि हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article