Noida Encounter: नोएडा में बेखौफ घूम रहे अपराधियों और स्नैचरों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की आत्मरक्षा में चलाई गई जवाबी फायरिंग में दो कुख्यात बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा और उनके कब्जे से 2.19 लाख रुपये नकद, अवैध तमंचे, कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी मोटरसाइकिल बरामद की है।
चेकिंग के दौरान घेराबंदी और फायरिंग का घटनाक्रम
एडीशनल डीसीपी (ADCP) अभय मिश्रा के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात थाना सेक्टर-39 पुलिस की टीम दादरी रोड पर सेक्टर-43 के पास नर्सरी के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-49 रेड लाइट की ओर से तेज रफ्तार में एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वे रुकने के बजाय तेज गति से स्टेलर ग्रीन पार्क की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने मोटरसाइकिल को सोमबाजार से स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल की तरफ जाने वाले रास्ते पर मोड़ दिया। सड़क पर बारिश के कारण फिसलन होने से उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही ढेर हो गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: आधी रात पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर NSUI का प्रदर्शन, पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
बदमाशों की पहचान और आपराधिक इतिहास
मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी शातिर अपराधियों के रूप में हुई है। पहला बदमाश 30 वर्षीय सलमान है, जो मोहनपुर नूरेइलाही कॉलोनी, भजनपुरा का रहने वाला है। इसके खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में चेन स्नैचिंग, लूट और चोरी के 48 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा आरोपी 37 साल का तनवीर है, जो सुभाष विहार, नॉर्थ घोंडा का निवासी है। इसके खिलाफ भी इसी तरह के अपराधों में 44 मुकदमे दर्ज हैं। यानी दोनों पर कुल 92 मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी और विधिक कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से बरामदगी का पूरा विवरण जारी किया है। इनके पास से थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग की घटना से संबंधित 2,19,000 रुपये नकद मिले हैं। साथ ही चोरी की रॉयल एनफील्ड हंटर 350 सीसी मोटरसाइकिल बरामद हुई है और साथ ही दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज कराने के साथ-साथ उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है ।
