शहर

Noida Protest: नोएडा में आज भी भड़का आंदोलन, कई इलाकों में पुलिस पर पथराव; अब तक 396 गिरफ्तार

Noida Protest Live Updates Today: नोएडा में सोमवार के बाद आज मंगलवार को भी मजदूरों का प्रदर्शन हो रहा है। सेक्टर 70, 80 फेज 2 समेत कई इलाकों में प्रदर्शन हिंसक हो गया है और पुलिस पर पथराव हुआ है। इस प्रदर्शन से जुड़ी सभी ताजा जानकारी को लेकर खबर अपडेट की जा रही है।

Image

नोएडा सेक्टर-80 में मजदूरों ने पुलिस पर पथराव किया

Photo : Times Now Digital

Noida Protest News Today: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में मंगलवार को भी जारी मजदूरों का प्रदर्शन फिर हिंसक रूप ले चुका है। सेक्टर 80 में आज प्रदर्शनकारी मजदूरों के एक गुट ने अचानक पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सभी उपद्रवियों को मौके से खदेड़ दिया है, लेकिन असली कहानी गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से सामने आई है। सेक्टर 70 और सेक्टर 121 में भी पुलिस पर पत्थरबाजी हुई है। मजदूरों का प्रदर्शन मुख्य रूप से न्यूनतम मजदूरी (Minimum Wage) में बढ़ोतरी की मांग को लेकर हो रहा है, जिसमें कई जगहों पर हालात बिगड़ गए हैं। अब तक हुई कार्रवाई में कुल 396 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 392 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए लगातार उपद्रवियों की पहचान कर रही हैं। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का यह सर्च अभियान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया अब भी जारी है।

आज भी बिगड़े हालात

मंगलवार सुबह सेक्टर-70 और 80 में स्थिति बिगड़ गई। मजदूरों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ साइबर एक्ट और एनएसए (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर 70 में उपद्रव के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। एक बस को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने बताया कि पत्थरबाजी कर रहे एक उपद्रवी को मौके पर पकड़ लिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी आज नोएडा के फेज 2 में भी जमा हुए हैं और पत्थरबाजी की है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों को मौके से तितर-बितर किया जा रहा है।

Noida Protest update today (1)

नोएडा सेक्टर 70 में भी उग्र हुआ प्रदर्शन

सेक्टर 121 में भी हुआ पथराव

नोएडा के सेक्टर 121 में थोड़ी देर पहले पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव किया। हालात को देखते हुए पुलिस ने गली को बंद कर दिया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस दौरान पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है ताकि स्थिति पर काबू पाया जा सके। नोएडा पुलिस ने सेक्टर-63 में फ्लैग मार्च निकाला है। सब-इंस्पेक्टर माता प्रसाद गुप्ता ने कहा, कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके। घरों में सफाई का काम करने वाले लोग भी अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। हमने उनसे बातचीत की। तभी कुछ शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे मुझे भी ये चोटें आई हैं। कुछ लोगों को पकड़ा गया है और उनसे आगे पूछताछ की जाएगी। देखें वीडियो-

हाउस हेल्प्स भी कर रहीं शांतिपूर्ण प्रदर्शन

मंगलवार को नोएडा में चल रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नरेट नोएडा में व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है। क्लियो काउंटी, गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 और सेक्टर-70 के इलाके में घरेलू सहायिकाओं (हाउस हेल्प्स) ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आम लोगों से अफवाहों से बचने और अपुष्ट जानकारी साझा न करने की अपील की गई है, साथ ही चेतावनी दी गई है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने शांति और सुरक्षा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

आज नहीं आई कोई पैनिक कॉल

गौतमबुद्ध नगर में हालात फिलहाल पूरी तरह सामान्य हैं और आज कोई पैनिक कॉल दर्ज नहीं हुई है। कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि कल करीब 40 हजार श्रमिकों ने कई जगहों पर प्रदर्शन किया, जिसमें कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए हिंसा भड़काने की कोशिश की गई। 80 से अधिक स्थानों पर प्रदर्शन हुए, हालांकि आगजनी और उपद्रव की घटनाएं सिर्फ 2 जगहों तक सीमित रहीं। एडिशनल सीपी (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 350 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया और लगातार संवाद के जरिए स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन अब सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, साथ ही फंडिंग के पहलू की भी जांच की जा रही है। आज कुछ श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर बातचीत की, जिन्हें समझाकर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखा गया है।

क्या बोलीं गौतमबुद्धनगर DM

गौतमबुद्धनगर DM मेधा रूपम ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद करते हुए कहा कि श्रमिकों की जो सबसे प्रमुख मांग थी वेतन बढ़ोतरी की उसे मान लिया गया है। इसके साथ-साथ और भी निर्देश दिए गए हैं जैसे कि श्रमिकों का जो वेतन है वह 10 तारीख से पहले खाते में एक मुश्त पहुंचे। इसके साथ-साथ जो बोनस है वह सालाना नवंबर से पहले मिले। इसके साथ-साथ अगर ओवरटाइम काम किया जा रहा है उसके लिए भी डबल वेतन दिया जाएगा। अगर साप्ताहिक छुट्टी पे काम किया जाएगा उसके लिए भी डबल वेतन दिया जाएगा। इसके साथ-साथ जो यौन उत्पीड़न समितियां हर जगह गठित करी जाएंगी। महिलाएं इनकी अध्यक्ष रहेंगी और इन सबका जो नोटिस बोर्ड है उस पर चस्पा किया जाएगा और कहां आप शिकायत कर सकते हैं। इसके साथ-साथ शिकायत पेटियां भी रहेंगी। इसके अलावा भी अगर कोई भी शिकायत किसी भी श्रमिक भाई बंधुओं की है तो हमेशा प्रशासन भी साथ में है, शासन भी साथ में है। कलेक्ट्रेट के भी दरवाजे खुले हैं। मगर सभी से मेरी ये अपील है हिंसा इसका हल नहीं है। जिलाधिकारी ने गौतम बुद्ध नगर की शांति व्यवस्था को मेंटेन रखने की अपील की है।

QR कोड और व्हाट्सएप ग्रुप का 'खतरनाक' खेल

हिंसा के मामले में पकड़े गए आरोपियों के फोन की जांच में चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस आंदोलन को उग्र बनाने के लिए रातों-रात व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किए गए थे। प्रदर्शनकारियों को इन ग्रुप्स में जोड़ने के लिए QR कोड का इस्तेमाल किया गया था ताकि पहचान गुप्त रखी जा सके और तेजी से भीड़ जुटाई जा सके। इसके अलावा 'मजदूर आंदोलन' और अन्य अलग-अलग नामों से बने इन ग्रुप्स में लगातार भड़काऊ और उकसाने वाले मैसेज डाले जा रहे थे। इनमें प्रदर्शन को उग्र करने और पुलिस को निशाना बनाने जैसे निर्देश भी दिए गए थे।

मजदूर यूनियनों की भूमिका शक के घेरे में

जांच में यह भी पता चला है कि कुछ मजदूर यूनियनों के ग्रुप्स में भी ऐसे ही भड़काऊ संदेश भेजे गए थे। पुलिस अब उन एडमिन्स और नंबरों की पहचान कर रही है जिन्होंने ये ग्रुप बनाए और उत्तेजक सामग्री साझा की। पुलिस का मानना है कि सामान्य मजदूरों को ढाल बनाकर कुछ असामाजिक तत्व अपना एजेंडा चला रहे थे।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article