शहर

Noida Protest: 'बाहरी' तत्वों ने भड़काई हिंसा? पुलिस ने दर्ज की 7 FIR; आज चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात

Noida Protest FIR: नोएडा में सोमवार को हुए बवाल के बाद आज यानी मंगलवार सुबह से ही जिले में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। पुलिस ने उपद्रवियों पर 7 FIR दर्ज की हैं। पुलिस प्रशासन ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स तैनात कर दी है। मजदूरों के घर से निकलने पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Image

सोमवार को कई जगहों पर हुआ था उग्र प्रदर्शन

Photo : Times Now Digital

Noida Protest News: गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार को भारी तनाव फैल गया। हजारों की संख्या में मजदूरों ने प्रदर्शन किया, जो कई जगहों पर उग्र भी हो गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के अनुसार, जब मजदूर शांतिपूर्ण तरीके से बिखर गए थे, उसके बाद जिले की सीमाओं से बाहर से आए कुछ 'बाहरी' तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। इन उपद्रवियों ने आगजनी और तोड़फोड़ कर हिंसा भड़काने का प्रयास किया।

भारी फोर्स की तैनाती

आज सुबह से ही नोएडा के विभिन्न सेक्टरों और कंपनियों के बाहर पुलिस की टीमें तैनात हैं। पुलिस मजदूरों को कंपनियों तक पहुंचने से पहले ही वापस भेज रही है ताकि किसी भी तरह की भीड़ जमा न हो सके। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है।

बवाल के पीछे 'बाहरी' हाथ?

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सेक्टर-63 और मदरसन कंपनी के पास स्थिति सबसे अधिक खराब हुई थी। पुलिस का दावा है कि करीब 40,000 से 45,000 मजदूर 80 अलग-अलग स्थानों पर जमा हुए थे। जब पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर हटा दिया, तब कुछ असामाजिक तत्वों ने अराजकता फैलाने की कोशिश की। पुलिस ने इस संबंध में अब तक 7 FIR दर्ज की हैं और कई लोगों को हिरासत में लिया है।

मजदूरों की 5 में से 4 मांगें मंजूर

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि वे मजदूरों की समस्याओं के प्रति गंभीर हैं। उनकी पांच में से चार मांगों को स्वीकार कर लिया गया है। शेष मुद्दों के समाधान के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है, जिसकी पहली बैठक भी हो चुकी है। गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल का सहयोग करें। फिलहाल पूरे जिले में कानून व्यवस्था बहाल है, लेकिन पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article