Noida: रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश में एक महिला के रिश्तेदार ने ही उसका बलात्कार किया और ब्लैकमेल भी किया। इस तरह की घटना ना देश के लिए नई है, ना यूपी के लिए। लेकिन इसकी गंभीरता समाज में महिलाओं की स्थिति और व्यक्तिगत सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।
ननदोई ने तार तार की रिश्तों की मर्यादा
ये गंभीर मामला उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर से सुनने में आया है। यहां एक महिला ने अपने ननदोई पर बलात्कार और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली सेक्टर-39 में केस दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि साल 2022 में बागपत के रहने वाले लड़के से उसकी शादी हुई और वह गाजियाबाद में अपने पति के साथ रहती है। महिला के ननद और ननदोई नोएडा सेक्टर-105 में रहते हैं। महिला का आरोप है कि जबसे उसकी शादी हुई है, तबसे उसका ननदोई उसपर गलत नजर रखता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि नवंबर 2023 में उसके ननद की जब बेटी हुई तो वह अपनी ननद के घर पहुंची। उसी शाम उसके ननदोई ने उसे पीछे से दबोचकर कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और महिला का बलात्कार किया। इसके बाद उसने महिला को अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं पीड़िता ने इसकी शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग में भी की है।
सभ्यताओं के साथ विकसित हुए विचारों को अगर ऐसे ही ताक पर रखा जाता रहा, तो यह महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को और वीभत्स और खतरनाक बना देगा। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की कई रिपोर्ट्स कहती हैं कि 90 प्रतिशत से ऊपर रेप के मामलों में रेपिस्ट पीड़िता के पहचान का ही व्यक्ति होता है। ऐसे में कानूनी व्यवस्थाओं का और मजबूत होना जरूरी हो जाता है।
