Noida Rishta Café: नोएडा में बिगड़ते रिश्तों में फिर से मिठास भरने के लिए एक स्पेशल कैफे की शुरुआत हुई है। यह खास कैफे सेक्टर 108 में स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शुक्रवार को शुरू हुआ है। इस दौरान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और डीएम मनीष वर्मा भी यहां मौजूद रहे। रिश्ता कैफे को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में स्थित मेडिएशन सेंटर का नवीनीकरण करके शुरू किया गया है। इस खास कैफे को रिश्ता कैफे नाम दिया गया है। एडिशनल डीसीपी महिला सुरक्षा प्रीति यादव ने इस कैफे की डिजाइन को तैयार किया है। यहां पर लोगों की समस्याओं सुनी जाएंगी और उनका निदान किया जाएगा।
नोएडा में रिश्ता कैफे (फोटो साभार - ट्विटर)
प्रोफेशनल काउंसलर करेंगे मदद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिश्ता कैफे के सौहादर्पूर्ण माहौल में महिलाओं समेत अन्य लोगों की शिकायतों को सुना जाएगा। इन लोगों की समस्याओं को प्रोफेशनल काउंसलरों की मदद से सुलझाया जाएगा। रिश्ता कैफे में काउंसलिंग के लिहाज से 14 टेबल हैं। इनमें हर टेबल पर चार या अधिक लोगों की एक साथ काउंसलिंग की जा सकेगी। यहां पर लोगों की भूख का भी इलाज है। रिश्ता कैफे में चाय, खाना समेत अन्य प्रकार की सुविधाएं किफायती दामों में मिल जाएंगी।
रिश्ता कैफे की डिजाइन
रिश्ता कैफे अभी सुबह के दस बजे से रात के 8 बजे तक रोजाना संचालित होगा। इस कैफे की दीवारों को गुलाबी रंग से सजाया गया है, जोकि महिला शक्ति का प्रतीक है। दीवारों पर शायरियां, वाक्य, कहावतें और कोटेशन भी लिखे हुए हैं, ये सभी शायरियां या कोटेशन चाय के ऊपर लिखे हुए हैं। कैफे के अंदर पुलिस और पुलिसिंग पर आधारित हॉलीवुड, बॉलीवुड फिल्मों और हिट वेब सीरीज को भी जगह दी गई है। कैफे की दीवारों पर इन फिल्मों की गैलरी बनाई गई है। साथ ही कालकारों की गैलरी की भी फोटो लगाई गई है।
