Noida News: नोएडा पुलिस को शातिर बदमाशों को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर चेन स्नैचिंग और लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को दबोचा है। लूट के एक वारदात के बाद सक्रिय हुई नोएडा पुलिस का इन बदमाशों के साथ सेक्टर-58 में मुठभेड़ हो गई। पुलिस से घिरा देखकर ये बदमाश फायरिंग कर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए। बाद में पुलिस ने चारो बदमाशों को दबोच लिया। नोएडा पुलिस के अनुसार, यह गैंग केवल नोएडा और गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आतंक मचा रखा था।
एनकाउंटर के बाद बदमाशों को पकड़कर ले जाती नोएडा पुलिस
नोएडा के एडिशनल डीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि, शनिवार देर शाम को नोएडा के सेक्टर-58 कोतवाली के अंदर सरेराह ऑटो और बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल लूट लिया था। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को मिली। इन आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गई। पूरे इलाके की घेराबंदी कर पुलिस इन आरोपियों की खोजबीन में जुटी थी। इसी दौरान सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस के घेराबंदी में ये बदमाश फंस गए। पुलिस ने जब इन बदमाशों को रोकना चाहा तो ये लुटेरे पुलिस पार्टी पर फायरिंग करना शुरू कर दिए।
गिरफ्तार बदमाशों पर दर्ज है 60 से ज्यादा केस, एक दिन में 11 लूट
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि बदमाशों की तरफ से फायरिंग होने के बाद मजबूरन पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी और इसमें तीन बदमाश के पैर में गोली लगी है। जबकि, एक बदमाश को पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा। यह बदमाश मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा था। एडिशनल डीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि गिरफृतार किए गए इन बदमाशों पर नोएडा, गाजियाबाद के अलावा दिल्ली और एनसीआर के अन्य थानों में 60 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि यह गैंग शनिवार को लूट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए योजना बनाकर निकला था और एक ही दिन में इसने नोएडा के अंदर 11 वारदात को अंजाम दिया। इन बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को डीसीपी ने 15,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
