Gautam Budh Nagar News: गौतमबुद्धनगर के 367 सरकारी राशन की दुकानों पर अब जाकर नहीं पूछना पड़ेगा कि कब राशन कब मिलेगा या कब दुकान खुलेगी। बल्कि गूगल मैप पर जाकर अपने आसपास की सरकारी राशन की दुकान पर खाद्यान्न की उपलब्धता, दुकान खुलने-बंद होने के समय आदि की जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल लोकेशन मैपिंग का काम तेजी से चल रहा है। ई-पास मशीन से कनेक्टिविटी देकर ये सुविधा एक महीने में शुरू करा दी जाएगी। इस तरह की सुविधा देने वाला गौतमबुद्धनगर यूपी का पहला जिला होगा।
गौतमबुद्धनगर की सरकारी राशन की दुकानें एक महीने के अंदर होंगी गूगल मैप पर (फाइल फोटो)
बता दें कि, जिस तरह आप अपने मोबाइल फोन पर गूगल मैप के जरिए नजदीक के अस्पताल, रेस्टोरेंट या दूसरी सेवाओं का पता लगाते रहते हैं। उसी तरह से अब गौतमबुद्धनगर की 367 सरकारी राशन की दुकानों को भी ऑनलाइन मैप पर सर्च कर सकेंगे। लोकेशन के अनुसार ही नजदीक की सरकारी राशन की दुकान की सारी जानकारी 24 घंटे मिला करेगी।
ई-पास मशीन से फीडिंग का चल रहा काम
राशन वितरण के दौरान कोटेदार की ई-पास मशीन के चालू होने के साथ ही ऑनलाइन जानकारी अपडेट हो जाएगी। इससे दुकान पर राशन वितरण होने का पता चल जाएगा। शहरी क्षेत्र की 124 और देहात क्षेत्र की 243 दुकानों की लोकेशन समेत जानकारी ऑनलाइन करने का काम तेजी से चल रहा है। इनमें दुकानों की लोकेशन के लिए अधिकारी-कर्मचारी मौके पर जाकर मशीन से फीडिंग का काम कर रहे हैं। यह काम एक महीने में पूरा होने के आसार हैं। अब कार्डधारक को राशन लेने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना होगा।
