Noida Jungle Trail Park: नोएडा के बहुप्रतीक्षित जंगल ट्रेल पार्क का इंतजार आज खत्म होने वाला है। 1 दिसंबर को इस पार्क का उद्घाटन किया जाएगा। लंबे समय से लोग इसके खुलने का इंतजार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इसका उद्घाटन कराने के लिए करीब 2 महीने से प्रयास किया जा रहा है। लेकिन समय न मिलने के कारण यह पार्क तैयार होने के बाद भी बंद ही रहा। नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि आज पार्क का उद्घाटन का नोएडा के विधायक से कराया जा सकता है।
जंगल ट्रेल पार्क (Noida Authority X Post)
वेस्ट टू वंडर की तर्ज पर नोएडा का पार्क
नोएडा के जंगल ट्रेल पार्क को दिल्ली के प्रसिद्ध वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर बनाया गया है। इसे महामाया फ्लाईओवर और दलित प्रेरणा स्थल के बीच यमुना किनारे करीब 18.3 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया गया है। इसके निर्माण की कुल लागत लगभग 15 करोड़ रुपये है। इस पार्क की खासियत ये है कि इसमें 500 टन लोहे और प्लास्टिक के कबाड़ से अलग-अलग जानवरों और पक्षियों की मूर्तियां तैयार की गई हैं। जिसमें अफ्रीकी शेर, हाथी, बाघ, जिराफ, हिरण, कंगारू, इमू, पेंगुइन और रंगबिरंगे पक्षी आदि शामिल हैं।
जंगल ट्रेल पार्क में एडवेंचर एक्टिविटीज
नोएडा के इस पार्क को एक पर्यटक स्थल के रूप में तैयार किया गया है। इसे सरकारी-निजी भागीदारी मॉडल पर संचालित किया जाएगा। जिसमें एंट्री फीस भी लगेगी। इस पार्क की टेस्टिंग भी की जा चुकी है। यहां बच्चों के लिए खेल का मैदान, परिवारों के लिए पिकनिक स्पॉट और खाने के लिए फूड कोर्ट भी बनाया गया है। इस पार्क की एक खासियत ये भी है कि यहां पर नाइट सफारी का भी लोगों को एक्सपीरियंस होगा। लोग शाम और रात की रोशनी में इन मूर्तियों को देख सकेंगे। यह पार्क रोमांच प्रेमियों को भी काफी पसंद आने वाला है। यहां पर लोग रॉक क्लाइम्बिंग, जिपलाइनिंग, जिप साइकलिंग जैसे एडवेंचर एक्टिविटीज भी कर सकेंगे।।
