Noida News: नोएडा के रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नोएडा के सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास से सेक्टर-57 चौराहे तक एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण के सिविल विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार करना भी शुरू कर दिया है। अब फाइल को मंजूरी के लिए आला अधिकारियों के पास भेज दिया जाएगा। अभी इस रास्ते पर यू-टर्न बनाने के बाद भी यह रोड सिग्नल फ्री नहीं हो पाया है।
नोएडा में सेक्टर-3 के रजनीगंधा अंडरपास से सेक्टर-57 चौराहा तक बनेगा एलिवेटेड रोड (फाइल फोटो)
बता दें कि, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया है कि, एक तरफ ये रास्ता सीधे डीएनडी और दूसरी तरफ सेक्टर-57, लेबर चौक होते हुए गाजियाबाद को जोड़ने का काम करता है। ऐसे में इस रास्ते पर वाहनों का दबाव ज्यादा रहता है। जिसकी वजह से आए दिन जाम की समस्या सामने आती है। ऐसे में यहां पर एलिवेटेड रोड की ज्यादा जरूरत है। एलिवेटेड रोड रजनीगंधा अंडरपास के पास से बनाना शुरू किया जाएगा। जिसे सेक्टर-57 चौराहे के पास उतारा जाएगा। यह रास्ता करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबा होगा।
