नोएडा

नोएडा में पकड़ा गया धोखाधड़ी कर परीक्षा दिलाने वाला आरोपी, दूसरे को परीक्षा में बैठाया था अपनी जगह, पुलिस ने धरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2023, 08:43 PM IST

Gautam Budh Nagar Police: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए वांछित पर अपनी जगह दूसरे को परीक्षा दिलाने का आरोप है। करीब दस महीने पहले हुई एक परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देता सॉल्वर पकड़ा गया था। पुलिस को तभी से इस आरोपी की तलाश थी।

Image

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने फर्जी तरीके से अपनी जगह दूसरे को परीक्षा दिलाने वाले वांछित को दबोचा

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने की कार्रवाई
  • 10 महीने से फरार चल रहा था आरोपी
  • परीक्षा के दैरान पकड़ लिया गया था सॉल्वर

Noida News: गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर- 58 पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से अपने स्थान पर सॉल्वर बैठा कर परीक्षा कराने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी करीब 10 महीने से पुलिस की गिरफ्त में आने से बच रहा था। अप्रैल में परीक्षा के दौरान इसके 1 साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन यह आरोपी मौके से फरार हो गया था।

बता दें कि, नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने पिंकेश सिंह मीणा नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के करौली का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-62 के पास से गिरफ्तार किया है।

सॉल्वर के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने का बनाया प्लान

मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए आरोपी पिंकेश सिंह मीणा ने पुलिस को बताया है कि, वह जयपुर में परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात विशाल नाम के शख्स से हुई थी। उसने पिंकेश से कहा था कि, सीजीएल का फार्म भर दो और मैं 6 लाख रुपये में सलेक्शन करवा दूंगा। इसके बाद पिंकेश ने एसएससी सीजीएल परीक्षा का फॉर्म भर दिया था। जिसमें 13 अप्रैल 2022 को वह सॉल्वर विशाल के साथ राजस्थान से परीक्षा देने सेक्टर-62 नोएडा के परीक्षा केंद्र में आया था।

नोएडा में ही छिपकर रहता था आरोपी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि, उसने अपना आधार कार्ड, प्रवेश पत्र ,फोटो व अन्य प्रपत्र विशाल को अपनी परीक्षा देने के लिए दे दिए थे। पिंकेश परीक्षा केंद्र के बाहर ही खड़ा होकर विशाल के परीक्षा देकर वापस आने का इंतजार कर रहा था। परीक्षा के दौरान सॉल्वर विशाल पकड़ा गया और जेल भेज दिया गया था। लेकिन पिंकेश मौके से फरार होने में सफल हो गया था। तभी से वह घर से बाहर छुपकर रहा करता था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। एक गुप्त सूचना के बाद गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर- 58 पुलिस ने पिंकेश को सेक्टर 62 के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि, वह लगातार नोएडा में ही जगह -जगह पर छुपकर कर रहा करता था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article