नोएडा

बिजली कटने पर मिलता है मुआवजा, क्या आप जानते हैं कैसे करें आवेदन? ये रहा Helpline Number

अगर आप नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट या जेवर यानी गौतमबुद्ध नगर जिले में रहते हैं तो बिजली कटने पर आपको मुआवजा मिल सकता है। शिकायत करने पर आपकी समस्या का समय रहते समाधान होगा और अगर ऐसा नहीं हुआ तो आप मुआवजे के हकदार होंगे। जानें मुआवजे के लिए कैसे आवेदन करें।

Image

बिजली कटने पर यहां से मिलेगा मुआवजा

Photo : Times Now Digital

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और जेवर जैसे शहर गौतमबुद्ध नगर जिले में आते हैं। उत्तर प्रदेश के लिए गौतमबुद्ध नगर जिला कमाऊ पूत है। दिल्ली-एनसीआर का हिस्सा होने के नाते यहां पर सरकारों और आम लोगों का भी फोकस ज्यादा होता है। दिल्ली की भीड़-भाड़ को कम करने जब सरकारों के इधर-उधर देखना शुरू किया तो सबसे पहले नजर नोएडा, ग्रेटर नोएडा पर ही गई। ऐसे में यहां पर पिछले कुछ दशकों में भारी संख्या में लोग रहने और खाने-कमाने के लिए आए हैं। लाखों लोगों ने गौतमबुद्ध नगर के इन शहरों को अपना घर बनाया है। अगर आप भी इन शहरों में रहते हैं और आपके इलाके में बिजली कटौती होती है तो आप बिजली कटौती के बदले मुआवजा ले सकते हैं। चलिए जानते हैं कैसे -

बता दें कि विद्युत नियामक की तरफ से निर्धारित समय से अधिक समय तक अगर बिजली से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण नहीं होता है तो आप मुआवजे के हकदार हैं। यह व्यवस्था किसी और ने नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने जून 2023 में शुरू की थी।

कहां और कैसे करें आवेदन

बिजली कटौती की समस्या के बारे में जानकारी देने के लिए आपको Toll Free Number 1912 पर कॉल करनी होगी। समस्याओं का समाधान अगर समय पर (निर्धारित 2 घंटे में) नहीं होता है तो आप एक उपभोक्ता के नाते आप उसी Helpline Number 1912 पर कॉल करके मुआवजे की मांग कर सकते हैं। जब आप मुआवजे के लिए आवेदन करेंगे तो आपको अपनी इस शिकायत के बदले एक अलग रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा। इसी के साथ मुआवजे की ऑनलाइन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

कितना मिलेगा मुआवजा

विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार किसी भी उपभोक्ता को वित्तीय वर्ष में उसके द्वारा दिए गए फिक्स या वित्तीय चार्ज की 30 फीसद राशि ही मुआवजे के रूप में मिलेगी। एक किलोवाट के लिए 110 रुपये फिक्स चार्ज हर महीने लिया जाता है। यानी अगर आपसे एक वित्तीय वर्ष में 1320 रुपये फिक्स चार्ज वसूला जाता है तो आपको 396 रुपये तक ही मुआवजे के रूप में मिलेंगे।

अपने आप नहीं मिलता मुआवजा

भले ही आपने बिजली कटौती की समस्या की शिकायत की हो और तय समय-सीमा में आपकी समस्या का समाधान न हुआ हो। अगर आप टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके मुआवजे की मांग नहीं करते हैं तो आपको मुआवजा नहीं मिलेगा। यानी मुआवजे की प्रक्रिया ऑटोमैटिक नहीं है, आपको इसके लिए आवेदन करना होगा, तभी मुआवजे की राशि आपको दी जाएगी।

अब तक कितने मुआवजे का भुगतान हुआ?

गौतमबुद्ध नगर जिले में पिछले डेढ़ महीने में किसी ने भी मुआवजे के लिए आवेदन नहीं किया है। एक जानकारी के अनुसार पूरे जिले में 65 फीसद लोग समय पर बिजली बिल का भुगतान करते हैं। यही नहीं जिले में बड़ी संख्या में लोग 1912 हेल्पलाइन नंबर पर बिजली कटौती से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज करवाते हैं। लेकिन पिछले डेढ़ महीने में किसी ने भी मुआवजे के लिए आवेदन नहीं किया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article