नोएडा में दलित प्रेरणा स्थल के पास फिल्म सिटी रोड पर आज यानी शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे एक कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते रेनो क्विड कार आग की लपटों में घिर गई और आसपास काले धुंए का गुबार फैल गया। इसका एक्सक्लूसिव वीडियो Timesnowhindi.com के पास है।
नोएडा में कार में लगी आग
कार में दो महिलाएं सवार थीं। एक महिला कार चला रही थी, जबकि एक बुजुर्ग महिला भी कार में सवार थी। गनीमत रही कि कार में आग लगने का अंदेशा होने पर दोनों महिलाएं कार से बाहर निकल आईं और देखते ही देखते उनके सामने ही उनकी कार आग का गोला बन गई।
जब कार में आग लगी हुई थी, उस समय दोनों महिलाएं सड़क के किनारे खड़े होकर निराश अपनी जलती कार को देख रही थीं। हमने बुजुर्ग महिला से बात की तो उन्होंने बताया कि वह वैशाली से आ रही थीं और यहां से अपोलो अस्पताल की ओर जा रही थीं। उन्होंने बताया कि अपोलो अस्पताल में उनकी बेटी भर्ती है।
उनकी बेटी जलने के बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती है और यह उन्हीं को देखने जा रही थीं। लेकिन इससे पहले की वह अपोलो अस्पताल में अपनी बेटी को देखने जा पातीं, नोएडा में सेक्टर 18 की ओर DND की तरफ जाने वाले फ्लाइओवर के नीचे उनकी क्विड कार में आग लग गई।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि अचानक उन्हें कार के अगले हिस्से से धुंआ निकलता हुआ दिखा। फिर आग की छोटी-छोटी लपटें दिखीं, जिन्हें देखकर वह कार से बाहर निकल आए। उनके कार से बाहर निकलते ही कार धूं-धूं कर जलने लगी। इस दौरान यहां से गुजरने वाले काफी लोग वहां इकट्ठा हो गए और तमाशबीन बन लोग जलती कार का वीडियो बनाने लगे।
