Noida Open Drain Death: नोएडा में एक बार फिर खुले नाले ने एक व्यक्ति की जान ले ली। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सेक्टर-150 में रविवार को नाले में 58 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया और पहचान की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान मोहम्मद इस्लाम पुत्र अजीज के रूप में हुई है। वह कोंडली गांव में रहता था और मूल रूप से संभल जिले के रजपुरा का निवासी था। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद इस्लाम ACE सोसायटी में हाउसकीपिंग का काम करता था। वह अपने परिवार के साथ कोंडली गांव में रह रहा था और रोजाना ड्यूटी पर जाता था।
प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)
नोएडा में खुले नाले में गिरकर शख्स की मौत
परिजनों ने बताया कि मोहम्मद इस्लाम शराब पीने का आदी था। तीन दिन पहले वह शराब पीने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों को लगा कि वह किसी रिश्तेदारी में चला गया होगा। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार को सेक्टर-150 के नाले में उसका शव मिलने की सूचना मिली, तो परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे के कारण मोहम्मद इस्लाम नाले में गिर गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के कोई जाहिरा निशान नहीं मिले हैं, जिससे किसी तरह की आपराधिक घटना की आशंका फिलहाल नहीं जताई जा रही है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- गुजरात के आंबरडी सफारी पार्क में शेर के पास बाइक चलाने पर मचा बवाल
खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
इस घटना ने एक बार फिर नोएडा में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-150 जैसे पॉश इलाके में भी नाले खुले पड़े हैं, जिनके आसपास न तो कोई सुरक्षा दीवार है और न ही चेतावनी बोर्ड। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरा होने के कारण नाले दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। इससे पहले भी नोएडा में खुले नाले और गड्ढों में गिरकर कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्राधिकरण ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और नाले के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि मोहम्मद इस्लाम नाले तक कैसे पहुंचा।
