Noida Airport Cargo Flight: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को कार्गो सेवा की भी शुरुआत हो गई है। आज सुबह चेन्नई से पहली कार्गो फ्लाइट एयरपोर्ट पर उतरी। इसी के साथ जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत के एक बड़े लॉजिस्टिक्स और निर्यात केंद्र के रूप में उभरने की दिशा में आगे बढ़ गया है। यहां से कार्गो सेवा शुरू होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पर बोझ भी कम होगा।
नोएडा एयरपोर्ट से कार्गो सेवा की शुरुआत से पश्चिमी यूपी के व्यापारियों, उद्योगों और किसानों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। अब उन्हें अपने उत्पादों को विदेश भेजने के लिए दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्तमान में यूपी और आसपास के क्षेत्रों की लगभग 40 प्रतिशत कार्गो हिस्सेदारी दिल्ली एयरपोर्ट के माध्यम से संचालित होती है, जो अब धीरे-धीरे जेवर एयरपोर्ट की तरफ शिफ्ट हो सकती है।
अब नोएडा से दुनिया तक पहुंचेगा यूपी का माल
नोएडा में कार्गो हब शुरू होने से पश्चिमी यूपी में बनने वाली वस्तुएं जैसे अलीगढ़ के ताले, मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, टेक्सटाइल सामान, दवाइयां और अन्य औद्योगिक उत्पादों को विदेशों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। इससे परिवहन लागत और समय दोनों में कमी आएगी। किसानों के लिए भी यह सुविधा काफी अहम मानी जा रही है। यूपी के साथ ही हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के किसान अपने फल, सब्जियां, दुग्ध उत्पाद और अन्य कृषि उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भेज सकेंगे। एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक कोल्ड स्टोरेज और डीप फ्रीजर सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है, इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जेवर एयरपोर्ट से निर्यात होगा आसान
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कार्गो संचालन के लिए एआई सेट्स और यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने चेन्नई स्थित अंतरराष्ट्रीय कार्गो एयरलाइन ‘अफकॉम’ के साथ साझेदारी की है। अफकॉम अपने बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों के जरिए बैंकॉक, दुबई, कोलंबो, हनोई, यांगून और माले जैसे अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक सेवाएं देती है।
नोएडा एयरपोर्ट से पहली यात्री उड़ान सोमवार 15 जून से शुरू हुई। जिसके बाद एयरपोर्ट पर यात्री सेवाओं का भी विस्तार जारी है। मंगलवार को अकासा एयर ने नोएडा से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए उड़ान सेवा शुरू कर दी हैं, जबकि इंडिगो ने जम्मू के लिए नियमित फ्लाइट का संचालन शुरू किया है। इससे नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और महत्व लगातार बढ़ रहा है।
