Noida Traffic: विजयादशमी के पर्व पर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। त्योहार के उल्लास और खरीदारी के बीच सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव बढ़ने के कारण नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक जगह-जगह भीषण जाम लग गया है। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि यातायात विभाग के भी हाथ-पांव फूलते नजर आए।
3 किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें
एक मूर्ति गोल चक्कर से गौर सिटी मॉल तक रेंगते नजर आए वाहन
मिली जानकारी के अनुसार, एक मूर्ति गोल चक्कर से लेकर गौर सिटी मॉल तक के मार्ग पर सबसे बुरा हाल देखने को मिला है। इस मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया, जिसके चलते सड़क पर 3 किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतारें लग गईं। लंबी छुट्टियों, त्योहार के चलते बाजारों में उमड़ी भीड़ और जगह-जगह रावण दहन कार्यक्रमों के कारण शहर की सड़कों पर वाहनों का सैलाब उमड़ पड़ा। इस भीषण जाम में सैकड़ों की संख्या में वाहन फंस गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- देशभर में दशहरे की धूम, दिल्ली में PM मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू ने किया रावण का दहन, प्रियंका बोलीं- ये राजनीति का समय नहीं
जाम खुलवाने में जुटी ट्रैफिक पुलिस
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यातायात विभाग और स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। जाम की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और यातायात को सुचारू रूप से संचालित करने तथा जाम खुलवाने के कड़े प्रयास शुरू किए। पुलिस बल लगातार वाहनों को निकलवाने और रूट को स्पष्ट करने में जुटा हुआ है ताकि लोगों को इस विकट जाम से राहत दिलाई जा सके।
