Noida Car Theft: नोएडा से एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने अपनी नाराज पत्नी को मनाने के लिए ऐसी हरकत की, जिसने उसे सीधे हवालात पहुंचा दिया। युवक ने सेक्टर-18 की पार्किंग से एक लग्जरी कार चुरा ली। आरोपी ने वारदात को सिर्फ इसलिए अंजाम दिया ताकि वह अपनी पत्नी को यह दिखा सके कि उसने नई गाड़ी खरीदी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गाड़ी व फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर ली है।
नोएडा में कार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
12 सितंबर को चोरी की कार
यह चोरी की वारदात 12 सितंबर की है। दरअसल गाजियाबाद की रहने वाली एक टैटू आर्टिस्ट युवती ने अपनी हुंडई एक्सटर कार नोएडा के सेक्टर-18 स्थित एक पार्किंग में खड़ी की थी। जिसके बाद वह इंटरव्यू देने चली गई थी। लेकिन जब वह वापस लौटी, तो पार्किंग से कार ही गायब थी। युवती ने तुरंत सेक्टर-20 थाने में जाकर कार चोरी की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की।
पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अरुण पुत्र अखिलेश के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा के बागवाला थाना क्षेत्र स्थित सोनसा गांव का रहने वाला है। नोएडा में वह सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में किराए पर रहता है और ड्राइविंग का काम करता है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी अरुण ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। वह उसे मनाना और खुश करना चाहता था, इसलिए उसने पार्किंग से कार चुराने की योजना बनाई। कार चुराने के बाद वह उसे लेकर सीधे एटा पहुंच गया, जहां उसने पत्नी से झूठ बोला कि कार उसने ही खरीदी है। आरोपी को जब भनक लगी कि कार चोरी का मुकदमा दर्ज हो चुका है, तो वह डरकर कन्नौज में अपनी बहन के घर छिपने चला गया। इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था।
पुलिस ने DLF मॉल के पास आरोपी को पकड़ा
सेक्टर-20 थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जाल बिछाया। 13 सितंबर को अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते के पास एक खाली प्लॉट के करीब अरुण को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कार बरामद कर ली है। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने कार पर UP16C0007TC/02 की फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी, जबकि गाड़ी की असली नंबर प्लेट (UP14GB1456) कार की डिग्गी में रख दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
