Nitin Nabin West UP Visit: उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बीजेपी चुनाव प्रचार अभियान का अहम अस्त्र बन गया है। नेताओं के स्वागत में भी बुलडोजर का इस्तेमाल होने लगा है। दरअसल, बीजेपी फूल बरसाकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की स्वागत तैयारी कर रही है। नितिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के अहम संगठनात्मक दौरे को लेकर खास तैयारी की गई है। मेरठ में बुलडोजर से फूल बरसा कर उनका स्वागत किया जाएगा। इसके लिए मेरठ के एंट्रेंस प्वाइंट पर 40 से अधिक बुलडोजर तैनात किए गए हैं। इसके साथ किसान भी इनके साथ रहेंगे। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बुलडोजर उनके लिए गर्व की बात है।
नितिन नवीन का स्वागत बुलडोजर से करने की तैयारी
2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज
आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सांगठनिक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अपने संगठनात्मक अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। 21 और 22 सितंबर को उनका मेरठ और सहारनपुर में दो दिवसीय दौरा निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने, चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने और युवाओं से संवाद करने का काम करेंगे।
मेरठ में युवाओं से संवाद और बड़ी सांगठनिक बैठक
मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल के अनुसार, 21 सितंबर को मेरठ में राष्ट्रीय अध्यक्ष की चार महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं। सुभारती यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में करीब 2,000 छात्रों के साथ सीधा संवाद होगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), शिक्षा, महंगाई और बेरोजगारी जैसे समकालीन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सुभारती यूनिवर्सिटी मैदान में पश्चिमी यूपी के 14 जिलों और 19 सांगठनिक जिलों के लगभग 4,800 शक्ति केंद्र संयोजकों व मंडल अध्यक्षों के साथ बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में बूथ-स्तरीय तैयारियों, जनसंपर्क और 2027 की रणनीति पर मंथन होगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी भी शामिल रहेंगे। वहीं, ब्रावूरा रिसॉर्ट में पूर्व सांसद, विधायक, विधान पार्षद और वर्तमान जिलाध्यक्षों व क्षेत्रीय टीम के सदस्यों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठकें होंगी।
सहारनपुर दौरा और फीडबैक
दौरे के दूसरे दिन (22 सितंबर) नितिन नवीन सहारनपुर स्थित मां शाकुंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे सहारनपुर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सांगठनिक बैठकें करेंगे। साथ ही वे एक स्थानीय कार्यकर्ता के आवास पर दोपहर का भोजन भी करेंगे।
पश्चिमी यूपी का राजनीतिक महत्व
पश्चिम यूपी क्षेत्र में कुल 71 विधानसभा सीटें आती हैं, जो राज्य की सत्ता के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती हैं। साल 2017 के चुनावों में बीजेपी ने इस क्षेत्र की 71 में से 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन 2022 के चुनावों में यह संख्या घटकर 41 पर आ गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे का उद्देश्य किसानों, गन्ने के बकाये, जाट और गुर्जर समुदायों के सामाजिक-जातीय समीकरणों पर सीधे धरातल से फीडबैक जुटाना और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाना है। पश्चिम यूपी क्षेत्र में कुल 71 विधानसभा सीटें आती हैं, जो राज्य की सत्ता के लिहाज से बेहद अहम मानी जाती हैं।
