Khalistani Supporter Arrested: पंजाब के शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में NIA को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटे आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (KZF) का समर्थक होने का आरोप है। अमेरिकी अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेने के बाद भारत डिपोर्ट किया था।
सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो- PTI)
पंजाब रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में 8वीं गिरफ्तारी
पूरा मामला 27 अप्रैल 2026 को पंजाब में शंभू और राजपुरा रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी का कहना है कि इस ब्लास्ट को KZF के आतंकियों ने अंजाम दिया था। इस साजिश का मकसद पंजाब में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना और कानून-व्यवस्था को खराब करना था। NIA की जांच में यह बात सामने आई है कि धमाके के बाद सुरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया था। उस वीडियो में उसने रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की खुलकर तारीफ की थी और इस साजिश में शामिल आरोपियों का समर्थन किया था। उसने ब्लास्ट के दौरान मारे गए जगरोप सिंह का भी समर्थन किया था। जगरोप सिंह की मौत रेलवे ट्रैक पर धमाका करते वक्त ही हो गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- आगरा में 'बहन जी' कहने पर भड़कीं ACP अमीषा सिंह
जांच एजेंसी के मुताबिक, सुरिंदर सिंह ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को 'कौमी संगठन' कहकर संबोधित किया था। इसके साथ ही उसने संगठन से जुड़े और नामित आतंकवादी रंजीत सिंह उर्फ नीटा को 'कौम का जनरल' बताकर उसकी तारीफ की थी। NIA ने जांच के दौरान सुरिंदर सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर रखा था। उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में कई आपराधिक मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं।
अब तक 8 अरोपियों की गिरफ्तारी
इस गिरफ्तारी के बाद शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में NIA अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एजेंसी अब इस पूरे आतंकी नेटवर्क और विदेश में बैठे उसके मददगारों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही आतंकियों को मिलने वाली फंडिंग और उनके नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। NIA का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
