Ernakulam Bengaluru Vande Bharat: भारतीय रेलवे ने एर्नाकुलम और KSR बेंगलुरु के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा की शुरुआत की है, जिसकी नियमित संचालन की तारीख 11 नवंबर यानी कल तय की गई है। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि बुधवार को इसका संचालन नहीं होगा। आठ कोच वाली इस आधुनिक ट्रेन में सात चेयर कार और एक एक्सिक्यूटिव चेयर कार शामिल हैं, जिनमें कुल 600 सीटें उपलब्ध हैं। यात्रियों को टिकट बुकिंग के समय भोजन न लेने का विकल्प भी दिया गया है, जिसे “रिव्यू जर्नी डीटेल्स” पेज पर “एडिशनल प्रिफरेंसेज” सेक्शन में चुना जा सकता है।
कल से शुरू होगी एर्नाकुलम से बेंगलुरू के बीच वंदे भारत (तस्वीर साभार: X/@salemDRM)
कितना होगा किराया
इस सेवा के किराए की बात करें तो एर्नाकुलम से KSR बेंगलुरु के लिए चेयर कार का किराया ₹1339.05 है, जिसमें भोजन शामिल नहीं है, जबकि शाकाहारी भोजन के साथ यह ₹1639.05 हो जाता है। एक्सिक्यूटिव चेयर कार का किराया ₹3003.60 है, जिसमें शाकाहारी भोजन शामिल है। वहीं, KSR बेंगलुरु से एर्नाकुलम के लिए चेयर कार का किराया ₹1399.05 (बिना भोजन) और ₹1679.05 (भोजन सहित) है, जबकि एक्सिक्यूटिव चेयर कार का किराया ₹3038.60 है। चेयर कार का मूल किराया ₹1144 है, जिसमें रिजर्वेशन चार्ज ₹40, सुपरफास्ट चार्ज ₹45 और GST ₹62 शामिल हैं। कैटरिंग का रेट अलग से जोड़ा जाता है।
इस रूट पर प्रमुख स्टेशनों के लिए अलग-अलग किराए तय किए गए हैं। बेंगलुरु से एर्नाकुलम की ओर यात्रा करते समय सलेम, इरोड, तिरुपुर, कोयंबटूर, पलक्कड़ और त्रिशूर जैसे स्टेशनों पर क्रमशः ₹1182, ₹1383, ₹1534, ₹1681, ₹1827 और ₹2110 तक का किराया है। वहीं एर्नाकुलम से बेंगलुरु की ओर यात्रा करते समय त्रिशूर, पलक्कड़, कोयंबटूर, तिरुपुर, इरोड, सेलम और केआर पुरम के लिए ₹616 से ₹2257 तक का किराया निर्धारित किया गया है।
इस रूट पर चलती हैं कई प्रीमियम ट्रेनें
वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर चलने वाली अन्य ट्रेनों की तुलना में तेज और प्रीमियम सेवा प्रदान करती है। उदाहरण के लिए, इंटरसिटी एक्सप्रेस की एसी चेयर कार का किराया ₹790 है, जबकि कर्नाटक एक्सप्रेस में थर्ड एसी ₹995 और सेकंड एसी ₹1410 है। यशवंतपुर–तिरुवनंतपुरम एसी एक्सप्रेस में थर्ड एसी का किराया ₹1030 है। इनकी तुलना में वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को बेहतर गति और आरामदायक अनुभव प्रदान करती है।
क्या रहेगी टाइमिंग
इस ट्रेन का टाइम टेबल भी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। ट्रेन संख्या 26651 सुबह 5:10 बजे केएसआर बेंगलुरु से रवाना होकर दोपहर 1:50 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 26652 दोपहर 2:20 बजे एर्नाकुलम से रवाना होकर रात 11:00 बजे केएसआर बेंगलुरु पहुंचेगी। यह सेवा दक्षिण भारत के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगी।
