यह तो आप जानते ही हैं कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बाद अब NCR में एक और शहर बसाया जा रहा है। इस शहर का नाम न्यू नोएडा (DNGIR) रखा गया है। न्यू नोएडा को लेकर प्राधिकरण की बड़ी योजनाएं हैं, लेकिन अभी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इससे पहले नोएडा प्राधिकरण ने न्यू नोएडा परियोजना को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा दिया है।
नोएडा अथॉरिटी ने कल यानी सोमवार 1 जून को घोषणा की कि न्यू नोएडा को उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिलेगी। बता दें कि गंगा एक्सप्रेसवे गौतमबुद्ध नगर जिले के पड़ोसी जिले बुलंदशहर से होकर गुजरता है और Ganga Expressway से कनेक्टिविटी के लिए एक नई लिंक रोड बनाई जाएगी। गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी की योजना का मकसद क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना और औद्योगिक विकास को रफ्तार देना है।
बेहतर कनेक्टिविटी के साथ निवेश भी बढ़ेगा
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित सड़क न्यू नोएडा को 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे कनेक्ट करेगी। माना जा रहा है कि इस कनेक्टिविटी से क्षेत्र में निवेश तो आकर्षित होगा ही साथ ही उद्योगों की स्थापना को भी बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि अगले हफ्ते ही इस परियोजना पर विस्तृत चर्चा और आगे की रणनीति बनाने के लिए मीटिंग होनी है।
न्यू नोएडा के लिए भूमि अधिग्रहण होगा शुरू
प्राधिकरण की तरह से लिंक रोड बनाने की यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब नोएडा प्राधिकरण न्यू नोएडा परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि बड़े स्तर पर विकास कार्य शुरू करने से पहले क्षेत्र में मजबूत सड़क संपर्क सुनिश्चित करना जरूरी है।
गंगा एक्सप्रेसवे तक 20 किमी लंबी सड़क बनेगी!
नोएडा प्राधिकरण के OSD क्रांति शेखर का कहना है कि न्यू नोएडा के लिए जमीन अधिग्रहण जल्द शुरू होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे से सीधा संपर्क इस परियोजना की प्रमुख जरूरतों में से एक है। हालांकि, लिंक रोड की DPR अभी तैयार नहीं हुई है, लेकिन इसके तहत लगभग 20 किलोमीटर लंबी सड़क विकसित किए जाने का अनुमान है।
न्यू नोएडा को यहां से भी मिलती है कनेक्टिविटी
न्यू नोएडा को पहले से ही ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी मिली हुई है। इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा बनाई जा रही एक अन्य लिंक रोड के जरिए भी यह क्षेत्र यमुना एक्सप्रेसवे से भी जुड़ने जा रहा है। प्रस्तावित सड़क आगामी फिल्म सिटी परियोजना को भी गंगा एक्सप्रेसवे के सियाना क्षेत्र से जोड़ते हुए न्यू नोएडा से होकर गुजरेगी।
गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 84 गांवों की जमीन पर बसेगा न्यू नोएडा
बता दें कि भूमि अधिग्रहण के पहले चरण में गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 37 गांवों की जमीन ली जाएगी। इनमें 24 गांव बुलंदशहर और 13 गांव गौतमबुद्ध नगर जिले में स्थित हैं। प्राधिकरण किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहण करेगा। जानकारी के लिए बता दें कि न्यू नोएडा यानी डीएनजीआईआर परियोजना 209.11 स्क्वायर किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई है और इसमें कुल 84 गांव शामिल हैं। इस परियोजना को दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) के पहले चरण के तहत प्रस्तावित सात निवेश क्षेत्रों में से एक के रूप में विकसित किया जाना है।
नोएडा और गाजियाबाद के काफी पास होने के कारण न्यू नोएडा को भविष्य के बड़े औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। प्राधिकरण की तरफ से आने वाले वर्षों में न्यू नोएडा का विकास चार चरणों में करने की योजना पर काम हो रहा है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
