शहर

कुशीनगर में गरजे CM योगी, बोले- वोट की ताकत से बना राम मंदिर, लखनऊ में बन रही BrahMos से कांपता है पाकिस्तान

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में 278 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर, कानून व्यवस्था और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का जिक्र किया।

Image

कुशीनगर में गरजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कुशीनगर में 278 परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्वी की सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए 9-10 साल पहले तक पहचान का संकट था। यूपी में बीमारी का संकट था, माफिया का संकट था। यहां बालू माफिया और खनन माफिया सहित हर प्रकार के माफिया थे। उन्होंने कहा कि राज्य में जंगल पार्टी का आतंक था। उन्होंने युवाओं को खासतौर पर संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी जिसकी उम्र 25 वर्ष से कम है, वह जंगल पार्टी के आतंक के बारे में नहीं जानती है। उनके राज में किसान तबाह था, न सड़क थी, न बिजली-पानी और न ही स्वास्थ्य सुविधा।

CM Yogi Adityanath ने अयोध्या में राम मंदिर को जनता की वोट की ताकत बताया। उन्होंने कहा, अयोध्या में वोट अपनी ताकत दिखाता है। लखनऊ में वोट अपनी ताकत दिखाता है। उन्होंने कहा वोट की ताकत से ही अयोध्या में राम मंदिर बन जाता है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 समाप्त हो जाती है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद ही राम मंदिर बन सकता था, लेकिन कांग्रेस ने बनने नहीं दिया। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी घोषित रामद्रोही है… वो राम मंदिर नहीं बनने देना चाहती थी। योगी ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है। 10 साल पहले की अयोध्या और आज की अयोध्या में बड़ा अंतर है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रोज भारत को चिढ़ाने का काम करने वाले पाकिस्तान की छाती पर जो मिसाइल दागी जाती है, उसका निर्माण लखनऊ में हम लोग करवाते हैं। वही मिसाइल पाकिस्तान को कंपा देती है। मुख्यमंत्री ने कहा, लखनऊ की मिसाइल से पाकिस्तान बाप-बाप कर चिल्ला पड़ता है, क्योंकि BrahMos मिसाइल की कोई काट दुनिया के पास नहीं है और ये मिसाइल लखनऊ में बन रही है।

सीएम योगी ने कहा की पिछले सरकारें निर्दोष लोगों को लूटने के लिए, व्यापारियों को लूटने के लिए और बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने के लिए कट्टा और बम बनाती थीं। उन्होंने कहा, हमने इन सोहदों को ठीक कर दिया है और जो ठीक नहीं हुआ, बोली से नहीं माना है, वो गोली से जरूर मान गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article