शहर

देश में फैली 1600 किमी लंबी तूफानी पट्टी, 80 फीसद हिस्से में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू

IMD के INSAT-3DS सैटेलाइट ने राजस्थान से तेलंगाना तक फैली 1600 किलोमीटर लंबी थंडरस्टॉर्म पट्टी की तस्वीर ली है। इसके साथ ही देश के 70-80 फीसद हिस्से में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।

Image

देश में प्री-मानसून गतिविधियां जारी

देश में बड़ी ही बेसब्री से मानसून का इंतजार हो रहा है। प्रचंड गर्मी और हीटवेव के दौर के बाद पिछले तीन-चार दिनों से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते ज्यादातर इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच देश में मानसून से पहले (Pre-Monsoon) की मौसम गतिविधियां चरम पर हैं। कल यानी सोमवार 1 जून को भारत मौसम विभाग (IMD) के अत्याधुनिक INSAT-3DS सैटेलाइट ने जो तस्वीर ली है, उसे देखकर मौसम विज्ञानी भी हैरान हैं। तस्वीर में राजस्थान के जोधपुर से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद तक करीब 1600 किमी लंबी थंडरस्टॉर्म की एक बहुत ही बड़ी पट्टी साफ दिख रही है।

प्री-मानसून गतिविधियां जारी

सैटेलाइट से मिली थर्मल इंफ्रारेड तस्वीर के मुताबिक देश के बड़े हिस्से के आसमान में घने बादलों का एक बड़ा समूह फैला हुआ है। घने बादलों की यह पट्टी पश्चिमी में राजस्थान से मध्य प्रदेश, माहाराष्ट्र, छत्तीसढ़ और तेलंगाना तक फैली हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी देश के लगभग 70-80 फीसद हिस्से में किसी न किसी रूप में प्री-मानसून, बादल, बारिश और थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां जारी हैं।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव जारी

सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर घने बादलों का विस्तार साफ दिख रहा है। उधर हिमालयी क्षेत्रों में भी बादलों की एक बड़ी चादर फैली हुई है, जिससे उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम संबंधी गतिविधियां लगातार चल रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में इस सम वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव बना हुआ है। इसके साथ ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी भी मिल रही है। इन दोनों ही कारकों के संयुक्त प्रभाव से मध्य और प्रायद्वीपीय भारत में बड़े पैमाने पर थंडरस्टॉर्म आ रहा है।

हीटवेव का असर हुआ कम

मौसम में लगातार हो रही गतिविधियों का सबसे बड़ा असर तापमान पर पड़ा है। कुछ हफ्ते पहले तक जहां प्रचंड गर्मी और Heatwave से लोग बेहाल थे, वहीं अब लगातार आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाओं और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में गर्मी का असर कम हो गया है।

थंडरस्टॉर्म के हालात

मौसम विज्ञानियों के अनुसार सैटेलाइट से मिली तस्वीर में जो लंबी तूफानी पट्टी दिख रही है, वह वातावरण में बहुत अधिक अस्थिरता का संकेत है। सतह पर मौजूद गर्मी, हवा में अच्छी खासी नमी और ऊपरी वायुमंडलीय हवाओं की अनुकूल स्थिति मिलकर शक्तिशाली थंडरस्टॉर्म को जन्म दे रही हैं। इनसे भारी बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

जानकारों के अनुसार देश के बड़े हिस्से में फैला यह विशाल बादल इस बात की ओर इशारा है कि वातावरण तेजी से दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article