Munger News: बिहार में नमामि गंगे योजना से जुड़े एक इंजीनियर पर जानलेवा हमला हुआ है। यह घटना बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र की है, जहां शनिवार को अपराधियों ने इंजीनियर को गोली मार दी। इस घटना में इंजीनियर घायल हो गए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अपराधियों ने किसी विवाद के चलते इंजीनियर पर यह हमला किया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी हुई है।
नमामि गंगे प्रोजेक्ट के इंजीनियर पर हमला (सांकेतिक फोटो)
अस्पताल में भर्ती इंजीनियर
पुलिस के अनुसार मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में नमामि गंगे योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। शहर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा है, जिसमें सड़क की खुदाई की जा रही है। इसी काम में लगे इंजीनियर विपिन कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। इंजीनियर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके घुटने में गोली लगी बताई जा रही है। घायल इंजीनियर यूपी के मिर्जापुर के रहने वाले हैं।
निर्माण कार्य को लेकर हुआ विवाद
सूत्रों के मुताबिक निर्माण कार्य को लेकर कुछ लोगों से इंजीनियर का विवाद हुआ और फिर इंजीनियर को गोली मार दी गई। कासिम बाजार के थाना प्रभारी मिंटू सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
