Nagpur Accident News: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार तेज रफ्तार से आते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराते हुए दिखाई दे रही है। दुर्घटना में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
नागपुर में तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई
पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा कलमना थाना क्षेत्र के भरतवाड़ा चौक के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार में तीन युवक सवार थे। तीनों अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। कार तेज रफ्तार से चल रही थी, तभी चौक के पास अचानक ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार कार सवार युवक भौमिक लारोकर और सागर मेलवानी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक मिहिर बेहर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे की जांच कर रही पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल कार टाटा कंपनी की इलेक्ट्रिक कार (EV) थी। ट्रक से टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब CCTV फुटेज और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
