उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बयानों का दौर काफी गर्म चल रहा है। ताजा मामला अमरोहा जिले का है, जहां हसनपुर विधानसभा सीट पर भीम आर्मी के प्रत्याशी शाहनवाज चौधरी के समर्थन में एक बड़ी चुनावी रैली का आयोजन किया गया था। इस जनसभा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे तौर पर एक बड़ा चैलेंज दे डाला।
योगी आदित्यनाथ पर बरसे नगीना सांसद (फाइल फोटो)
मंच से भाषण देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह बिजनौर जिले की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सीएम योगी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह वहां चुनाव लड़कर सामने वाले को हरा नहीं पाए, तो हमेशा के लिए राजनीति छोड़ देंगे। अपनी बात को मजबूत करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि साल 2022 में उन्होंने मुख्यमंत्री के गढ़ गोरखपुर में जाकर भी चुनाव लड़ा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 17 साल की शादी, दो बच्चे... फिर पति ने प्रेमी से कराई पत्नी की शादी, कहा- 'जा, जी ले अपनी जिंदगी'
बिजनौर आकर करें मुकाबला-चंद्रशेखर आजाद
बिजनौर जिले की राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यहां कुल आठ विधानसभा सीटें हैं, जिनमें दो आरक्षित और छह सामान्य सीटें शामिल हैं। मुख्यमंत्री को ललकारते हुए उन्होंने कहा कि यदि सत्ता पक्ष बिना वोटों की चोरी किए चुनाव जीत रहा है, तो वह बिजनौर आकर मुकाबला करें। जनता खुद तय कर देगी कि असली जनसमर्थन किसके साथ है।
बैलेट पेपर से चुनाव कराने की कही बात
इस दौरान चंद्रशेखर ने निष्पक्ष चुनाव कराने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी EVM की जगह पुराने तरीके यानी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की वकालत की। उनका कहना था कि यदि चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएं, तो जनता का असली मूड और समर्थन सबके सामने आ जाएगा। अमरोहा की इस रैली में दिए गए उनके इस तीखे बयान के बाद सूबे की सियासत एक बार फिर गरमा गई है और इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
