मुजफ्फरनगर में शुक्रवार सुबह बुढ़ाना कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर सलीम उर्फ चोना पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियों सरताज और लवकुश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के उपकरण, दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुजफ्फरनगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, बुढ़ाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफॉर्मर और किसानों के ट्यूबवेल से उपकरण चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार सुबह चौकी इंचार्ज हुसैनपुर कलां और दभेड़ी पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह जंगल में चोरी का सामान लेने पहुंचा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। खुद को घिरा देख तीनों बदमाश गन्ने के खेत में छिप गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सलीम उर्फ चोना गोली लगने से घायल हो गया।
गन्ने के खेत में कांबिंग अभियान
इसके बाद पुलिस ने गन्ने के खेत में कांबिंग अभियान चलाया और सलीम के दो अन्य साथियों सरताज और लवकुश को भी पकड़ लिया। घायल सलीम को उपचार के लिए बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो बोरियों में ट्रांसफॉर्मर की कॉइल और स्टार्टर समेत चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी मिली है। सीओ के मुताबिक, घायल सलीम मूल रूप से सिकेड़ा का रहने वाला है। उसके खिलाफ ट्यूबवेल और अन्य चोरी के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी आरोपी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
