Mussoorie Dehradun News Today: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने मसूरी गोलीकांड की बरसी पर आज यानी बुधवार 2 सितंबर को शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों के बलिदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन प्रदेश के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है।
सीएम पुष्कर धामी ने मसूरी गोलीकांड के शहीदों को किया नमन
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी शेयर करते हुए कहा कि अलग राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने संघर्ष, तप, त्याग और बलिदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों का बलिदान प्रत्येक उत्तराखंडवासी की स्मृतियों में हमेशा जीवंत रहेगा।
सरकारी सेवाओं में 10 फीसद आरक्षण की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने इस दौरान मसूरी स्थित झूलाघर के शहीद स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए सरकार की ओर से किए गए प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देने के लिए सरकारी सेवाओं में 10 फीसद क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
शहीदों की भावनाओं के अनुरूप बनेगा उत्तराखंड
धामी ने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों को पहचान पत्र जारी करने के साथ ही 98 आंदोलनकारियों को राजकीय सेवा में सेवायोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों के सपनों और शहीदों की भावनाओं के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्या था मसूरी गोलीकांड?
ज्ञात हो कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान 2 सितंबर 1994 को मसूरी में आंदोलनकारियों पर तत्कालीन उत्तर प्रदेश पुलिस ने गोलीबारी की थी। इस घटना में कई आंदोलनकारी शहीद हुए थे। हर साल 2 सितंबर को मसूरी गोलीकांड की बरसी पर शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जाती है और राज्य आंदोलन में उनके योगदान को याद किया जाता है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
