शहर

Suvendu Adhikari: खुद रोड रोलर की सीट पर बैठे सीएम सुवेंदु, बालुरघाट में 2 लाख कफ सिरप की बोतलों को किया चकनाचूर

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के नेता और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए बालुरघाट में जब्त की गई करीब दो लाख कफ सिरप की बोतलों पर खुद रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया। सुवेंदु अधिकारी ने राज्य को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक अभूतपूर्व और कड़ा संदेश देखने को मिला है। बालुरघाट में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने खुद रोड रोलर (Suvendu Adhikari Road Roller Video) चलाकर जब्त की गई करीब दो लाख प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस सख्त कार्रवाई के दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद सुकांत मजूमदार तथा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखोपाध्याय भी मौजूद रहे।

दक्षिण दिनाजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर सैकड़ों मीटर तक कतार में रखी गई कफ सिरप की बोतलों पर जब सुवेंदु अधिकारी ने रोड रोलर चलाया, तो यह नजारा देख हर कोई दंग रह गया। इस मौके पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रतीकात्मक कार्रवाई देश के युवाओं को नशे के भयानक जाल से बाहर निकालने और उन्हें एक सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में उठाया गया कदम है।

सीएम ने पीएम मोदी के 'नशामुक्त भारत अभियान' की जमकर की तारीफ

सुवेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के 'नशामुक्त भारत अभियान' की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पश्चिम बंगाल को पूरी तरह से नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह भारी खेप पिछले चार महीनों के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और राज्य पुलिस के संयुक्त अभियानों में जब्त की गई थी।

बालुरघाट में सीएम ने की एक नए मेडिकल कॉलेज की घोषणा

अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व की व्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले दिनाजपुर में पुलिस और बीएसएफ के बीच समन्वय की भारी कमी थी। हालांकि, अब दोनों एजेंसियां कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं, जिसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बालुरघाट के निवासियों के लिए एक नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की भी महत्वपूर्ण घोषणा की।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article