शहर

Sonipat Crime News: सुबह दुकान में हवन, शाम को घर में मिलीं लाशें! लव मैरिज करने वाले पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से हड़कंप

Sonipat Crime News: हरियाणा के सोनीपत स्थित कबीरपुर गांव में एक नवदंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस दिन पति ऋतिक ने अपनी नई कन्फेक्शनरी दुकान का उद्घाटन किया और घर में हवन कराया, उसी दिन कुछ घंटों बाद वह और उसकी पत्नी सिमरन अपने कमरे में मृत पाए गए।

Image

दुकान का रिबन काटने के कुछ ही घंटों बाद नवदंपति का मिला शव

Photo : Times Now Digital

Sonipat Crime News: हरियाणा के सोनीपत जिले के कबीरपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। जिस घर में सुबह तक नई दुकान खुलने की खुशियां मनाई जा रही थीं और मंत्रोच्चार के साथ हवन हो रहा था, उसी घर से कुछ ही घंटों बाद पति-पत्नी के शव मिलने की खबर से कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान ऋतिक और उसकी पत्नी सिमरन के रूप में हुई है।

घटना के अनुसार, ऋतिक ने बुधवार को ही अपनी नई कन्फेक्शनरी की दुकान का उद्घाटन किया था। इस नए काम की शुरुआत के लिए घर और दुकान में धार्मिक रीति-रिवाज से हवन का आयोजन किया गया था। पूजा-पाठ और उद्घाटन संपन्न होने के बाद ऋतिक और सिमरन अपने घर लौट आए, जबकि ऋतिक के माता-पिता अपने-अपने काम पर चले गए।

कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला शव

दोपहर बाद जब परिजनों ने दोनों को कई बार फोन किया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। लगातार फोन न उठने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे तुरंत घर पहुंचे। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो वहां का दृश्य देखकर उनकी रूह कांप गई। कमरे के अंदर ऋतिक का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि पत्नी सिमरन का शव बेड के पास फर्श पर पड़ा था और उसके गले में भी फंदा लगा हुआ था।

2024 में किया था प्रेम विवाह

ऋतिक और सिमरन ने 17 मई 2024 को परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। दोनों की कोई संतान नहीं थी और वे कबीरपुर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। अचानक घटे इस हादसे ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article