Mumbai Rain News: मुंबई में मानसून के आगमन के बाद से ही झमाझम बारिश का सिलसिल देखने को मिल रहा है। मंगलवार को भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। IMD आज मुंबई और उपनगरों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। येलो अलर्ट के बीच समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मुंबई में छाए घने बादल, तेज बारिश का अलर्ट
मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मुंबई में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन पर भी प्रभाव पड़ रहा है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। मंगलवार को भी मुंबई और नवी मुंबई के कई इलाके बारिश के कारण जलमग्न दिखाई दिए।
नवी मुंबई के एपीएमसी (APMC) क्षेत्र में बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। खासतौर पर निचले इलाकों में जलभराव की समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है। जिससे पैदल लोगों और वाहनों को आवाजाही में समस्या हुई। इस कारण कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। लेकिन राहत की बात यह है कि फिलहाल लोकल ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। लेकिन भारी बारिश के बाद इन सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
पिछले 24 घंटे में अच्छी बारिश दर्ज
नगर निगम के अनुसार मंगलवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटों में मुंबई में मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सबसे ज्यादा 40.62 मिमी बारिश पूर्वी उपनगरों में हुई। वहीं मुंबई शहर में 26.03 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 22.47 मिमी बारिश दर्ज की गई।
समुद्र में ऊंची लहरों की चेतावनी
मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी चेतावनी जारी की है। दोपहर 12:35 बजे करीब 4.16 मीटर ऊंचा ज्वार आने की संभावना है। इसके अलावा देर रात 12:20 बजे 3.61 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। प्रशासन ने मछुआरों और समुद्र किनारे जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
